पुलिस कार्रवाई में कफ सीरप व ड्रग्स के कारोबार का खुलासा, सरगना समेत पांच आरोपी गिरफ्तार

सिलीगुड़ी : दुर्गा पूजा के पहले सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के प्रधान नगर थाना पुलिस ने नशा कारोबारियों के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है. भारी मात्रा में अवैध कफ सीरप की बोतलें एवं नशे के टेबलेट व कैप्सूल के साथ गिरोह के पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें से दो ड्रग्स का […]

सिलीगुड़ी : दुर्गा पूजा के पहले सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के प्रधान नगर थाना पुलिस ने नशा कारोबारियों के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है. भारी मात्रा में अवैध कफ सीरप की बोतलें एवं नशे के टेबलेट व कैप्सूल के साथ गिरोह के पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें से दो ड्रग्स का सप्लायर बताया जा रहा है. इसके अतिरिक्त पूजा के मौसम में जुए का अड्डा जमाने वाले 8 लोगों को प्रधान नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. दोनों मामले में सभी 13 आरोपियों को सिलीगुड़ी अदालत में पेश कर दिया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार पूजा के इस मौसम में मादक पदार्थों की मांग काफी बढ़ गयी है. खासकर पहाड़ी इलाकों में ड्रग्स की मांग बढ़ी है. गुप्त जानकारी के आधार पर प्रधान नगर थाना पुलिस ने मंगलवार की देर रात शहर से सटे देवीडांगा इलाके में जाल बिछाया. जानकारी के मुताबिक मिलनमोड़ से आ रहे एक ऑटो को रोक कर उसकी तलाशी ली गयी.
ऑटो से 240 बोतल अवैध कफ सीरप व 280 फाइल नशे के कैप्सूल व टेबलेट बरामद हुए हैं. ऑटो में सवार पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों में राजेश गुप्ता उर्फ मोटू (39), मोहम्मद अफजल (24), प्रितम गुरूंग उर्फ पीटर (21), किशू सुब्बा (19) व अर्जुन शर्मा (30) शामिल हैं. राजेश व अफजल नशा कारोबार गिरोह का सरगना बताया जा रहा हैं.
ये दोनों देवीडांगा इलाके के ही निवासी हैं. इसके अतिरिक्त प्रितम गुरूंग मिरिक, किशू सुब्बा दार्जिलिंग व अर्जुन शर्मा देवीडांगा इलाके का निवासी है. ये तीनों गिरोह में नशीली दवाइयों व ड्रग्स को ग्राहक कर पहुंचाने के लिए वाहक का काम करते थे. पिछले काफी समय से ये लोग नशे के कारोबार में लिप्त हैं. जब्त ड्रग्स व नशीली दवाइयों को पहाड़ पहुंचाने की योजना थी.
पुलिस ने ऑटो को भी जब्त कर लिया है. युवाओं को नशा बांटकर उनके भविष्य को अंधकार में पहुंचाने वाले इन पांचो आरोपियों को प्रधान नगर पुलिस ने ड्रग कॉस्मेटिक एक्ट के तहत बुक किया है. बुधवार आरोपियों को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया. अदालत ने इन पांचो को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
क्या कहते हैं डीसीपी
सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के डिप्टी पुलिस कमिश्नर तरूण हलदार ने बताया कि दुर्गा पूजा के पहले नशा कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. मंगलवार को दो अलग-अलग अभियान में 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जिसमें नशा कारोबार गिरोह के दो सरगना भी गिरफ्तार हुए हैं. उत्सव के इस मौसम में पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा.
जुआ मामले में कौन-कौन धराया
इधर, दूसरी तरफ प्रधान नगर थाना पुलिस ने अभियान चलाकर जुआ का अड्डा जमाने वाले आठ लोगों को गिरफ्तार किया है. जबकि जुआ का ठेक जमाने वाला फरार होने में सफल रहा. इस अभियान में पुलिस ने 10 हजार रूपए, तास की पत्तियां व अन्य सामानों को जब्त किया है. आरोपियों में संजय कुमार चौधरी(26), गणर कुमार महतो(24), संजय वैश्य(36), नंद मजूमदार(52), अजित घोष(54), दुखन बासफोर(52), शुभंकर बनर्जी(29)व शेख आबिद(25) शामिल है. पुलिस के अनुसार सिलीगुड़ी जंक्शन के बीआरआई कॉलोनी स्थित एक शिव मंदिर में प्रति रात जुआ का अड्डा लगता है. बार-बार शिकायत मिलने पर मंगलवार देररात प्रधान नगर थाना पुलिस ने अभियान चलाया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >