पटना/कोलकाता : पटना, कोलकाता आदि शहरों में करोड़ों की ठगी कर सात साल से फरार जालसाज सर्वर नाजमी को पीरबहोर पुलिस ने सिविल कोर्ट इलाके से पकड़ लिया. बताया जाता है कि यह अपने किसी केस के संबंध में जानकारी लेने के लिए आया हुआ था. इसी बीच पीरबहोर पुलिस को आने की भनक लग गयी और गिरफ्तार कर लिया.
पीरबहोर थाने में उसके खिलाफ कोई केस नहीं है. उसके खिलाफ कोलकाता व पटना के कोतवाली थाने में जमीन व फ्लैट के नाम पर करोड़ों की ठगी करने का आरोप है. पीरबहोर पुलिस ने सर्वर नाजमी को कोतवाली पुलिस को सौंप दिया है. सर्वर नाजमी शुक्रवार को कोतवाली थाने में दर्ज केस में जेल भेजा जायेगा.
इसके अलावा उसे कोलकाता की गर्वनमेंट ऑफ कॉरपोरेट अफेयर की जांच टीम भी उसे खोज रही थी. पुलिस ने उनके जांच टीम को भी पकड़े जाने की जानकारी दे दी है. पीरबहोर थानाध्यक्ष गुलाम सरवर ने बताया कि सर्वर नाजमी को पकड़ने के बाद कोतवाली पुलिस को सौंप दिया गया है.
नफीस कॉलोनी से घर बेच कर हो चुका था फरार
इसके खिलाफ एक कपड़ा व्यवसायी के साथ ही अन्य लोगों ने लाखों रुपये लेने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराया था. कोतवाली थाने में इसके खिलाफ 2011 में प्राथमिकी दर्ज हुई थी. इसके बाद इसने पीरबहोर थाने के नफीस कॉलोनी में स्थित आवास को बेच दिया था और फरार हो गया था. इसी बीच कोलकाता की पुलिस टीम उसे खोजने के लिए पटना आयी थी.
लेकिन वह नफीस कॉलोनी में वह नहीं मिला था. सर्वर नाजमी कंस्ट्रक्शन कंपनी चलाता था और इसके खिलाफ फ्लैट देने के नाम पर भी ठगी का आरोप है. इसके खिलाफ दर्ज कई केसों में गिरफ्तारी वारंट भी जारी हो चुका था.
