कोलकाता : रोटी नहीं फुला पाने के कारण घर की मालकिन ने नौकरानी के तौर पर काम कर रही किशोरी को गर्म जाली से हाथ दाग दिया. घटना पंचशायर इलाके के नयाबाद प्रांतिक पल्ली की है. जख्मी 15 वर्षीय किशोरी का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है. इस घटना के बाद किशोरी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी मकान मालकिन काकोली गोड़ाई (38) को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पीड़िता ने शिकायत में बताया कि वह घर के मालिक अशेष के घर में कुछ वर्षों से काम करती थी. उसका घर बर्दवान जिले के सोनामुखी की रहनेवाली है. गत कुछ दिनों से घर की मालकिन उससे घर का काम करवाने के साथ उससे खाना भी बनवा रही थी. इसमें उसके हाथों सेकी गयी रोटी फूल नहीं रही थी.
मंगलवार रात को भी रोटी नहीं फूली. इसपर मालकिन को गुस्सा आ गया और उसने रोटी सेकने की गर्म जाली उसके दाहिने हाथ में दाग दी. जिससे उसके हाथों का चमड़ा जाली के साथ शरीर से अलग हो गया. जोर से उसकी चीख सुनकर आसपास के लोग वहां आये और उसे अस्पताल ले गये. इसके बाद पुलिस में इसकी खबर दी गयी, जिसके बाद पुलिस ने मालकिन को गिरफ्तार कर लिया. इस घटना से इलाके के लोग भी काफी गुस्से में हैं.
