सिलीगुड़ी: भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी कल एक चुनावी जनसभा को संबोधित करने सिलीगुड़ी पहुंच रहे हैं. यह जनसभा सिलीगुड़ी के निकट माटीगाड़ा के खपरैल रोड स्थित एक विशाल मैदान में होगी.
मोदी की यह जनसभा सुरक्षा के कई घेरों के बीच होगी. इस जनसभा के लिए तीन मंचों का निर्माण किया गया है. मोदी जिस मंच से इस जनसभा को संबोधित करेंगे, वह काफी विशाल होगा. उस मंच की सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किये गये हैं. मोदी अपना भाषण बुलेट प्रूफ बॉक्स से देंगे.
यह बुलेट प्रूफ बॉक्स (डाइस) को आज इंटेलीजेंस ब्यूरो (आइबी) ने सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के स्पेशल ब्रांच को सौंप दिया. आइबी सूत्रों के अनुसार, यह बुलेट प्रूफ डाइस 12-13 साल पहले सिलीगुड़ी के आइबी के पास लाया गया था, लेकिन इसका इस्तेमाल आज तक नहीं हुआ. कल मोदी के भाषण में इसका पहली बार इस्तेमाल होने जा रहा है.
मोदी की सुरक्षा के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसी नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) के कमांडर एसके उपाध्याय के नेतृत्व में एक विशेष सुरक्षा टीम कल ही सिलीगुड़ी पहुंच चुकी है. दूसरी ओर, गुजरात के सीआइडी के आइजी शशिकांत पुजारी के नेतृत्व में भी एक विशेष विंग दो दिनों पहले ही सिलीगुड़ी में डेरा डाल चुकी है. वहीं, मोदी के जनसभा स्थल का मुआयना करने आज भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा, सिलीगुड़ी शाखा के अध्यक्ष रथींद्र नाथ बोस व अन्य वरिष्ठ नेता माटीगाड़ा के खपरैल रोड स्थित मैदान पहुंचे.
