जमालपुर..बालागढ (प बंगाल): तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने आज कहा कि पार्टी अकेले दम पर लोकसभा चुनाव लडेगी और तीसरी सबसे बडी पार्टी बनकर उभरेगी. पश्चिम बंगाल के जमालपुर और बालागढ में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए ममता ने कहा, ‘‘तृणमूल कांग्रेस तीसरी सबसे बडी पार्टी के तौर पर उभरेगी और सरकार के गठन में एक अहम भूमिका निभाएगी.’’
कांग्रेस, भाजपा और माकपा पर एक ‘‘गुप्त समझौते’’ का आरोप लगाते हुए ममता ने लोगों से तृणमूल कांग्रेस के लिए वोट करने की अपील की. उन्होंने जमालपुर की एक चुनावी रैली में कहा, ‘‘तृणमूल अकेले दम पर चुनाव लडेगी और जीत हासिल करेगी.’’ कांग्रेस पर निशाना साधते हुए ममता ने कहा कि उसकी कोई विचारधारा नहीं है, उसने लूट और भ्रष्टाचार किया और क्षेत्रीय दलों का दमन किया है. ममता ने कहा, ‘‘कृपया तृणमूल पर भरोसा रखिए और हम दिखाएंगे कि प्रगति और विकास के रास्ते पर कैसे चला जाता है.’’
बालागढ में ममता ने केंद्र की यूपीए सरकार को आडे हाथ लिया और कहा कि उसने राज्य को वित्तीय तौर पर वंचित किया है. उन्होंने लोगों से कांग्रेस के लिए वोट न करने की अपील की. मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘कांग्रेस को एक भी वोट न दें. उन्होंने देश को बर्बाद कर दिया है और बंगाल को वित्तीय तौर पर वंचित रखने की कोशिश की है. चुनाव के बाद हम अपना हक लेकर रहेंगे.’’ ममता ने दावा किया कि राज्य की पिछली वाम मोर्चा सरकार द्वारा लिए गए कर्ज के कारण पिछले तीन साल में यदि केंद्र ने 87,000 करोड रुपए की कटौती न की होती तो हमारी सरकार ने 20 लाख नौकरियां पैदा की होती.
