UP News: प्रदेश के बागपत जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां 20 वर्षीय युवती ने शादी से पहले एक बच्ची को जन्म दिया, लेकिन प्रसव के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई. अत्यधिक रक्तस्राव होने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि नवजात बच्ची स्वस्थ बताई जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
बेटी के गर्भवती होने की भनक तक नहीं लगी
परिजनों के अनुसार युवती लंबे समय से पेट दर्द की शिकायत करती थी, जिसे पथरी की समस्या समझा जा रहा था. एक अगस्त को भी दर्द होने पर उसने दवा खाई. देर रात दर्द बढ़ने पर गांव के एक निजी चिकित्सक से इलाज कराया गया. घर लौटने के कुछ समय बाद उसने घर के बाहर ही बच्ची को जन्म दिया. उस समय परिवार को पहली बार उसके गर्भवती होने की जानकारी मिली.
ज्यादा खून बहने से बिगड़ी हालत
बच्ची के जन्म के बाद युवती को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा. आनन-फानन में परिजन उसे महिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
युवक पर लगाए गंभीर आरोप
परिजनों का आरोप है कि कुछ महीने पहले युवती अपनी बड़ी बहन के यहां निरपुड़ा गांव गई थी. वहीं उसकी पहचान गांव के एक युवक से हुई. आरोप है कि युवक उसे अपनी बुआ के घर ले गया, जहां दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने और वह गर्भवती हो गई. युवती ने यह बात परिवार से छिपाए रखी. घटना के बाद परिजनों ने युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
अस्पताल पर भी उठे सवाल
परिजनों ने आरोप लगाया कि जब युवती को महिला अस्पताल ले जाया गया, उस समय वहां डॉक्टर मौजूद नहीं थे और केवल नर्सिंग स्टाफ उपलब्ध था. इसी दौरान उसकी तबीयत और बिगड़ गई. हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
पुलिस ने शुरू की जांच
कोतवाली पुलिस का कहना है कि फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजनों ने मौखिक रूप से एक युवक पर आरोप लगाए हैं, लेकिन अभी तक लिखित तहरीर नहीं दी गई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
स्वस्थ है नवजात बच्ची
ग्रामीणों के अनुसार नवजात बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है और फिलहाल मृतका के परिजन उसकी देखभाल कर रहे हैं. वहीं इस घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और बच्ची के भविष्य को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.
यह भी पढ़ें: हाथों में रोटी लेकर खाते दिखे बच्चे, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप, बलिया BSA ने बैठाई जांच
