UP Politics: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर में आयोजित पीआरडी जवानों के कार्यक्रम में विपक्ष पर तीखा हमला बोला. दुबई में हुए मिसाइल हमलों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने तंज कसा कि “मिसाइल दुबई में गिर रही थी, चिल्लाहट यहां मची थी.” उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने प्रदेश में अवैध तरीके से कमाई गई संपत्ति को विदेशों में निवेश किया है और इसी वजह से विदेश में होने वाली घटनाओं को लेकर उनकी चिंता बढ़ जाती है. मुख्यमंत्री ने कहा कि गलत तरीके से अर्जित संपत्ति पर कार्रवाई का सिलसिला जारी है. उन्होंने पिछली सरकारों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश की पहचान दंगे और कर्फ्यू से होती थी, लेकिन अब कानून-व्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है. योगी ने दावा किया कि प्रदेश अब बीमारू राज्य की पहचान से बाहर निकलकर देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन रहा है.
31 हजार से अधिक पीआरडी जवानों को बड़ी सौगात
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 31 हजार से अधिक पीआरडी स्वयंसेवकों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा की शुरुआत की. इसके साथ ही ड्यूटी भत्ता बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन करने की घोषणा की गई. जवानों के खातों में 3000 रुपये वर्दी भत्ते की राशि भी ट्रांसफर की गयी. योगी ने पीआरडी जवानों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि बाढ़, सूखा, महाकुंभ, दीपोत्सव, देव दीपावली, चुनाव और यातायात व्यवस्था जैसी जिम्मेदारियों में जवान प्रशासन और पुलिस के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
यूपी अब बीमारू राज्य नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्षों में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था में बड़ा विस्तार हुआ है. उनके मुताबिक प्रदेश की अर्थव्यवस्था करीब 12 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंची है. उन्होंने सरकार के विकास और कानून-व्यवस्था के मॉडल को पिछली सरकारों से अलग बताते हुए प्रदेश को देश की मजबूत अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करने का लक्ष्य दोहराया. कार्यक्रम में लखनऊ के सरोजनीनगर में बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का रिमोट के जरिये शिलान्यास भी किया गया. मुख्यमंत्री ने जवानों से अनुशासन, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाने की अपील की.
यह भी पढ़ें: बलिया में बारिश ने खोली ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे की पोल, सड़क से सटे 10 मीटर गहरे गड्ढे से मचा हड़कंप
