UP News: उत्तर प्रदेश के बरेली में लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया. सीबीगंज थाना क्षेत्र के बल्ला कोठा गांव में एक कच्ची और जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिर गई. दीवार के पास खड़ी 25 वर्षीय महिला उसके मलबे में दब गई. ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला को बाहर निकाला और अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई, जबकि परिवार में कोहराम मच गया.
तेज बारिश के बीच अचानक भरभराकर गिरी दीवार
जानकारी के अनुसार, बल्ला कोठा गांव निवासी कृष्ण पाल के घर की कच्ची दीवार गुरुवार सुबह करीब सात बजे अचानक गिर गई. उस समय तेज बारिश हो रही थी. दीवार के पास कृष्ण पाल की पत्नी गणेशी (25) खड़ी थी. दीवार गिरते ही वह मलबे के नीचे दब गई. तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और महिला को मलबे से निकालने के लिए राहत-बचाव शुरू किया.
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
ग्रामीणों और परिजनों ने काफी मशक्कत के बाद गणेशी को मलबे से बाहर निकाला. इसके बाद परिजन आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. हादसे की सूचना मिलते ही सीबीगंज पुलिस भी मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि लगातार बारिश के कारण दीवार कमजोर हो गई थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. - शाहजहांपुर से पवन तोमर की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें: शाहजहांपुर में सांप के डसने से महिला की मौत, झाड़-फूंक के चक्कर में बिगड़ी हालत, मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही तोड़ा दम
