UP Swine Flu Alert: प्रदेश में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग ने वाराणसी में भी निगरानी बढ़ा दी है. फिलहाल जिले में स्वाइन फ्लू का कोई पॉजिटिव मरीज नहीं है. हालांकि, सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में बुखार और बदन दर्द की शिकायत लेकर पहुंचने वाले मरीजों की संख्या बढ़ी है. ऐसे में विभाग ने जांच और इलाज को लेकर नई व्यवस्था तैयार की है.
कोरोना की तर्ज पर होगी निगरानी
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने पर मरीज का इलाज कोरोना काल के प्रोटोकॉल की तर्ज पर किया जाएगा. आरटीपीसीआर रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर मरीज के संपर्क में आए लोगों की भी जांच होगी. स्वास्थ्य टीम मरीज की ट्रैवल हिस्ट्री भी खंगालेगी. इससे संक्रमण के संभावित स्रोत का पता लगाने में मदद मिलेगी.
एक सप्ताह में 500 से अधिक मरीज पहुंचे
जिले में पिछले एक सप्ताह में सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में बुखार और बदन दर्द की शिकायत वाले 500 से अधिक मरीज पहुंचे हैं. डॉक्टरों ने मरीजों को सतर्क रहने की सलाह दी है. तेज बुखार, बदन दर्द, कमजोरी, सूखी खांसी, गले में खराश और नाक बहना स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण हो सकते हैं. ऐसे लक्षण दिखने पर डॉक्टर की सलाह से जांच कराने को कहा गया है.
पॉजिटिव मरीज के संपर्क वालों की भी होगी जांच
स्वाइन फ्लू की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर मरीज का पूरा विवरण स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा. इसमें मरीज की हाल की यात्रा का ब्योरा भी दर्ज होगा. स्वास्थ्य टीम मरीज के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाएगी. जरूरत पड़ने पर घरवालों के सैंपल भी लिए जाएंगे और उन्हें संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बताई जाएंगी.
सरकारी अस्पतालों में निशुल्क सैंपल
डॉक्टर की सलाह पर दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल, मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा समेत निर्धारित सरकारी अस्पतालों में निशुल्क सैंपल लिया जाएगा. सैंपल जांच के लिए आईएमएस बीएचयू के माइक्रोबायोलॉजी विभाग भेजे जाएंगे. आरटीपीसीआर जांच के बाद रिपोर्ट के आधार पर आगे का इलाज तय होगा. निशुल्क जांच की सुविधा बीएचयू सर सुंदरलाल अस्पताल, शास्त्री अस्पताल रामनगर और स्वामी विवेकानंद अस्पताल भेलूपुर में भी उपलब्ध होगी.
स्वास्थ्य मंत्री ने दिए निगरानी के निर्देश
डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सभी सीएमओ के साथ समीक्षा की. उन्होंने स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए व्यवस्था मजबूत करने और लगातार निगरानी के निर्देश दिए. इसके बाद वाराणसी में भी स्वास्थ्य विभाग ने नए सिरे से अलर्ट जारी किया है.
स्वाइन फ्लू के लक्षण
तेज बुखार, ठंड लगना या कंपकंपी, लगातार सूखी खांसी, गले में खराश, शरीर और मांसपेशियों में तेज दर्द, सिरदर्द, थकान, कमजोरी, नाक बहना या बंद होना.
Also Read: मिर्जापुर स्टेशन पर 20 साल की युवती गिरफ्तार, गुलाबी ट्रॉली बैग खुला तो पुलिस भी रह गई हैरान...
