UP Crime News: वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एसओजी प्रभारी गौरव कुमार घायल हो गए. मुठभेड़ के दौरान उनके हाथ में गोली लगी, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. तीनों का इलाज बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है. गिरफ्तार बदमाश 16 जुलाई को हुए 27 किलो चांदी लूटकांड के आरोपी बताए जा रहे हैं.
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी के मुताबिक, एसओजी प्रभारी गौरव कुमार सावन ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे थे. इसी दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि 16 जुलाई को सुड़िया सर्राफा बाजार स्थित हेमा ज्वेलर्स से 27 किलो चांदी लूटने वाले दो आरोपी लंका थाना क्षेत्र के लौटुबीर इलाके में मौजूद हैं. सूचना मिलते ही एसओजी और चौक थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी.
कार रोकते ही बदमाशों ने शुरू कर दी फायरिंग
पुलिस ने जब संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार बदमाश बाहर निकल आए और पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की. मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की एक गोली एसओजी प्रभारी गौरव कुमार के हाथ में लगी. वहीं पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिससे वे घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
चार किलो चांदी, नकदी और अन्य सामान बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई करीब चार किलो चांदी, नकदी और अन्य सामान बरामद किया गया है. पुलिस बरामद माल का मिलान कर रही है और मामले से जुड़े अन्य सबूत भी जुटाए जा रहे हैं. पुलिस जांच के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपी 16 जुलाई को सुड़िया सर्राफा बाजार स्थित हेमा ज्वेलर्स से करीब 27 किलो चांदी लूटकर फरार हो गए थे. इस वारदात के बाद से पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी.
फरार साथियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि लूट की बाकी चांदी बरामद की जा सके और वारदात में शामिल अन्य फरार बदमाशों तक पहुंचा जा सके. अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है.
Also Read: संभल में बुर्का पहनकर कांवड़ लाने वाली तमन्ना पर प्रशासन की कार्रवाई , कोर्ट ने जारी किया नोटिस
