Varanasi Durga Puja : वाराणसी में दशहरा को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं. 11 अक्टूबर से दुर्गा पूजा का आयोजन शुरू होगा, जो विजयादशमी तक चलेगा. इस बार काशी में भव्य पूजा पंडालों के साथ मां दुर्गा की आकर्षक प्रतिमाएं श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी. केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अनुसार, जिले में छोटे-बड़े पंडालों को मिलाकर करीब 512 सार्वजनिक स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी. इनमें हथुआ मार्केट, सनातन धर्म इंटर कॉलेज, जंगमबाड़ी, मच्छोदरी और शिवपुर मिनी स्टेडियम समेत कई प्रमुख स्थान शामिल हैं.
सनातन धर्म इंटर कॉलेज में बनेगा बद्रीनाथ धाम जैसा पंडाल
इस बार सनातन धर्म इंटर कॉलेज में मां दुर्गा की 30 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी. आयोजकों के मुताबिक, यह प्रतिमा उत्तर प्रदेश में सबसे ऊंची दुर्गा प्रतिमाओं में शामिल होगी. कार्यवाहक अध्यक्ष सूरज जायसवाल ने बताया कि इस बार बद्रीनाथ धाम की तर्ज पर पंडाल बनाया जा रहा है. इसकी ऊंचाई करीब 60 फीट होगी. पंडाल के अंदर पांच मिनट का इलेक्ट्रॉनिक शो भी दिखाया जाएगा. इस शो में श्रद्धालुओं को मां गंगा, महादेव और मां दुर्गा के दर्शन कराए जाएंगे. इसके अलावा बंगाल से आए कारीगर मां दुर्गा, पायल और गंगा की मिट्टी से प्रतिमाएं तैयार कर रहे हैं.
हुबुआ मार्केट में कंबोडिया के मंदिर की तर्ज पर पंडाल
हुबुआ मार्केट स्थित प्रीमियर ब्वॉयज क्लब में कंबोडिया के अंकोरवाट स्थित विष्णु मंदिर की तर्ज पर पंडाल तैयार किया जा रहा है. पंडाल निर्माण का काम तेजी से चल रहा है. आयोजकों के अनुसार, इस पंडाल की ऊंचाई करीब 80 से 90 फीट होगी. इसके अंदर तीन से चार मिनट का इलेक्ट्रॉनिक शो भी दिखाया जाएगा.
शिवपुर में केदारनाथ मंदिर की तर्ज पर पंडाल
शिवपुर स्थित मिनी स्टेडियम में केदारनाथ मंदिर की तर्ज पर पंडाल बनाया जा रहा है. यहां भी भव्य तरीके से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी. वहीं, मैदागिन स्थित टाउन हॉल में सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति की ओर से छत्रपति शिवाजी को तलवार भेंट करते हुए मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी.
मां की प्रतिमा में दिखेगी आधुनिकता और विविधता
इस बार काशी के अलग-अलग पूजा पंडालों में धार्मिक आस्था के साथ आधुनिकता और रचनात्मकता का मेल देखने को मिलेगा. कई पंडालों में अलग-अलग थीम के जरिए सामाजिक और समसामयिक विषयों को भी प्रदर्शित किया जाएगा. चेतगंज स्थित विद्यार्थी स्पोर्टिंग क्लब में मां दुर्गा को ‘एलियन’ के रूप में दर्शाया गया है. वहीं नवाबगंज दुर्गापूजा में अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के चेहरे से प्रेरित प्रतिमा बनाई गई है.
जगतगंज में होगा इलेक्ट्रॉनिक शो
जगतगंज में समसामयिक घटनाओं पर आधारित इलेक्ट्रॉनिक शो प्रस्तुत किया जाएगा. वरुणा पुल क्षेत्र में श्री श्री दुर्गा पूजा समिति की ओर से मां दुर्गा की 12 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी. पंडाल का निर्माण खजुरी रोड पर आदियोगी थीम पर करीब 40 फीट ऊंचे पंडाल के रूप में किया जाएगा. काशी शारदीय उत्सव समिति की ओर से लहुराबीर स्थित दुर्गाकुंड के मुख्य गेट पर आदियोगी शिव की 30 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी.
नहीं होगा हानिकारक केमिकल का इस्तेमाल
आयोजकों के मुताबिक, मां की प्रतिमाएं गंगा मिट्टी से तैयार की जा रही हैं. प्रतिमाओं को तैयार करने में किसी प्रकार के हानिकारक केमिकल का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा. इसके साथ ही पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. रोजाना शाम को मां दुर्गा के पंडालों में तीन घंटे तक शास्त्रीय संगीत का आयोजन भी किया जाएगा.
Also Read : यूपी विधानसभा होगी AI से लैस, आग लगते ही कैमरा बताएगा खतरे की जगह, 60 दिन में शुरू होगा काम
