UP Crime News: वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के जाल्हूपुर बाजार में ठंडा समोसा मिलने की शिकायत करना एक ग्राहक को भारी पड़ गया.आरोप है कि समोसा गर्म करने की बात पर दुकानदार और उसके साथियों से विवाद हो गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया.पीड़ित ने अंगूठा मरोड़ने, सोने की चेन और 19,570 रुपये छीनने का आरोप लगाया है.पुलिस से शिकायत के बाद सुनवाई नहीं होने पर पीड़ित ने अदालत का रुख किया.अब कोर्ट के आदेश पर चौबेपुर पुलिस ने पांच नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.
समोसा गर्म करने को लेकर शुरू हुआ विवाद
पीड़ित शिवशंकर सिंह पेशे से वकील हैं.उनके मुताबिक, 22 फरवरी को वह जाल्हूपुर बाजार की एक मिठाई की दुकान पर समोसा खाने पहुंचे थे.समोसा ठंडा मिलने पर उन्होंने दुकानदार से उसे गर्म करने के लिए कहा. इसी बात को लेकर दुकानदार से उनकी कहासुनी हो गई. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दुकानदार और उसके साथ मौजूद लोगों ने शिवशंकर सिंह के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी.इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई.पीड़ित का कहना है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनके हाथ का अंगूठा भी मरोड़ दिया, जिससे उन्हें चोट आई.
चेन और नकदी छीनने का लगाया आरोप
शिवशंकर सिंह ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनके गले से करीब दो भर की सोने की चेन तोड़ ली गई.इसके अलावा जेब में रखे 19,570 रुपये भी छीन लिए गए.पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए.घटना के बाद पीड़ित ने चौबेपुर थाने में शिकायत की, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिस स्तर पर सुनवाई नहीं हुई.इसके बाद उन्होंने अदालत में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की.कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया है.
पांच नामजद आरोपियों पर मुकदमा
चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा के अनुसार, कोर्ट के आदेश पर गुप्तेश्वर सिंह, सोमेश्वर सिंह उर्फ राजू, अभिषेक सिंह, छोटू सिंह और दीपनाथ सिंह उर्फ डीए सिंह के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है.पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.पुलिस के मुताबिक, आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.फिलहाल मामला दर्ज होने के बाद पुलिस घटनाक्रम, मारपीट और कथित तौर पर चेन व नकदी छीने जाने के आरोपों की पड़ताल कर रही है.
Also Read: 6.5 मिनट में दिखी UP पुलिस की पूरी कहानी, अमिताभ बच्चन भी हुए फिदा,एंथम में दिखा खाकी का जज्बा
