UPPCS Results: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2025 यानी UPPCS Mains का रिजल्ट घोषित कर दिया है. आयोग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, मुख्य लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अब इंटरव्यू के अगले चरण में शामिल होना होगा.
29 मार्च से 1 अप्रैल तक हुई थी परीक्षा
UPPCS Mains 2025 की मुख्य लिखित परीक्षा का आयोजन 29 मार्च 2026 से 1 अप्रैल 2026 तक प्रयागराज और लखनऊ के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर कराया गया था. इस परीक्षा में कुल 10,284 अभ्यर्थी शामिल हुए थे. आयोग ने अब परीक्षा के परिणाम के आधार पर इंटरव्यू के लिए चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी की है.
812 पदों के लिए 2297 अभ्यर्थियों का चयन
आयोग के अनुसार, मुख्य परीक्षा के परिणाम के आधार पर कुल 812 रिक्तियों के सापेक्ष 2,297 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए सफल घोषित किया गया है. इन अभ्यर्थियों को अब चयन प्रक्रिया के अगले चरण यानी इंटरव्यू में शामिल होना होगा.
एक पद के लिए लिखित परीक्षा से ही चयन
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि कुल 28 प्रकार के पदों के लिए 814 रिक्तियां उपलब्ध थीं. इनमें से 2 रिक्तियां ऐसी हैं, जिन पर चयन केवल लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाना है. इन दो पदों का परिणाम अंतिम चयन परिणाम के साथ घोषित किया जाएगा. बाकी 812 पदों के लिए लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर चयन होगा.
हाईकोर्ट में लंबित मामलों का भी असर
आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा परिणाम से जुड़ी एक रिट याचिका इलाहाबाद हाईकोर्ट में लंबित है. इसके अलावा उत्तर प्रदेश के बाहर की महिला अभ्यर्थियों का परिणाम भी हाईकोर्ट के एक अन्य मामले में पारित अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा. आयोग ने सफल अभ्यर्थियों के पदवार अधिमान्यता और साक्षात्कार से जुड़ी विस्तृत जानकारी अलग से जारी करने की बात कही है.
वेबसाइट पर देख सकते हैं रिजल्ट
UPPSC ने परीक्षा परिणाम की सूचना आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई है. अभ्यर्थी अपने परिणाम और आगे की प्रक्रिया से संबंधित जानकारी आयोग की वेबसाइट पर देख सकते हैं. आयोग ने यह भी कहा है कि प्राप्तांक और कटऑफ की जानकारी अंतिम चयन परिणाम घोषित होने के बाद उपलब्ध कराई जाएगी.
यह भी देखें: बुंदेलखंड समेत यूपी के 27 जिलों की बदलेगी तस्वीर, किशाऊ बांध से सिंचाई के लिए मिलेगा 3.721 अरब घन मीटर पानी
