UP Weather: उत्तर प्रदेश में मानसून अब औपचारिक रूप से विदाई की ओर है. सोमवार से प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ रहने और धूप तेज होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार अगले एक-दो दिन तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे उमस और गर्मी का असर बढ़ेगा. हालांकि आने वाले दिनों में मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है.
आज साफ रहेगा मौसम, बढ़ेगा तापमान
रविवार को प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में बुंदेलखंड और प्रयागराज मंडल के कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि कई अन्य इलाकों में तेज धूप के साथ मौसम साफ रहा. सोमवार को भी चमकदार धूप निकलने की संभावना है. मौसम विभाग ने फिलहाल किसी जिले में भारी बारिश की चेतावनी नहीं दी है.
दो-तीन दिन गर्मी और उमस का असर
मौसम विभाग के मुताबिक अगले एक-दो दिन तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है. धूप बढ़ने के साथ वातावरण में उमस भी महसूस होगी. लखनऊ में सोमवार को अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को गर्मी और उमस के बीच पर्याप्त पानी पीने तथा खान-पान पर ध्यान देने की सलाह दी है.
24 सितंबर से फिर बदल सकता है मौसम
मानसून की विदाई के बावजूद यूपी में बारिश का दौर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. IMD के 21 सितंबर के पूर्वानुमान के अनुसार पूर्वी यूपी में 24 से 27 सितंबर तक भारी बारिश और गरज-चमक की चेतावनी है, जबकि पश्चिमी यूपी में 25 से 27 सितंबर तक ऐसी गतिविधि की संभावना जताई गई है. यानी अगले दो-तीन दिन तेज धूप और उमस के बाद सप्ताह के दूसरे हिस्से में प्रदेश के कुछ इलाकों में मौसम फिर करवट ले सकता है.
मानसून विदाई के बाद क्या बदलेगा?
मानसून की वापसी के साथ आमतौर पर बारिश की गतिविधियां कम होती हैं और धूप बढ़ने लगती है. इसका असर तापमान और उमस के रूप में महसूस हो सकता है. हालांकि स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण कुछ इलाकों में बारिश का दौर बीच-बीच में जारी रह सकता है.
यह भी पढ़ें: UP में 10 वरिष्ठ IAS अफसरों का तबादला, आशीष गोयल-अनिल कुमार समेत कई अधिकारियों के विभाग बदले, देखें पूरी लिस्ट
