UP Weather: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर खतरनाक होने वाला है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है. रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश के कई जिलों में मूसलाधार बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है.
कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में अगले सात दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. कुछ स्थानों पर तेज गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है. विभाग ने कई जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है.
बिजली गिरने और तेज हवाओं का खतरा
मौसम विभाग ने बारिश के साथ आंधी और वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की है. कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. विशेषज्ञों ने किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा है. खेतों और खुले स्थानों पर काम करने वालों को मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है.
पूर्वाचंल में ज्यादा असर की आशंका
IMD की रिपोर्ट के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है. गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, बस्ती, संतकबीरनगर, देवरिया, आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, वाराणसी समेत कई जिलों में मौसम विभाग ने सतर्कता बरतने को कहा है. वहीं पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग की लोगों से अपील
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि तेज बारिश और बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें और बिजली के उपकरणों का सावधानी से इस्तेमाल करें. प्रशासन को भी संवेदनशील इलाकों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं. आने वाले दिनों में मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.
यह भी पढ़ें: घर में सो रहे बुजुर्ग को उठाकर ले गया बाघ! 24 घंटे में दूसरी बड़ी घटना से दहला बहराइच, दहशत में ग्रामीण
