UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में मौसम ने खतरनाक तेवर अपना लिए हैं. अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में मूसलाधार बारिश, आंधी और वज्रपात कहर बरपा सकते हैं. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ इलाकों में तेज हवाएं 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चल सकती हैं, जिससे पेड़ और बिजली के खंभे गिरने का खतरा बढ़ गया है. मेरठ, नोएडा, हापुड़, आगरा, मथुरा, कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर, झांसी, मिर्जापुर और बलिया समेत कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. ऐसे में लोगों को बेहद सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है.
अगले 48 घंटे उत्तर प्रदेश में मौसम सक्रिय
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के लखनऊ केंद्र की 7 अगस्त को जारी ताजा रिपोर्ट के अनुसार, अगले 48 घंटे उत्तर प्रदेश में मौसम सक्रिय रहने वाला है. प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ मंडलों में 7 अगस्त को और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ मंडलों में 8 अगस्त को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली चमकने के समय खुले स्थानों से बचने की सलाह दी गई है.
सप्ताहभर सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान के मुताबिक 7 से 13 अगस्त तक पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश मंडलों में कहीं-कहीं से लेकर अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और बौछारें पड़ने की संभावना है. 10 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में अधिक स्थानों पर वर्षा होने के संकेत हैं, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी पूरे सप्ताह रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है.
भारी बारिश को लेकर जारी चेतावनी
आईएमडी के अनुसार, 7 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ मंडलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं 8, 9 और 10 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है. इसके अलावा 9, 10 और 11 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ मंडलों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. अन्य दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों के लिए कोई विशेष मौसम चेतावनी नहीं दी गई है.
बिजली गिरने और जलभराव से रहें सतर्क
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक और बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें. निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है, जबकि तेज बारिश वाले क्षेत्रों में यातायात भी प्रभावित हो सकता है. किसानों को मौसम का ध्यान रखते हुए कृषि कार्य करने और आम नागरिकों को मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है.
यह भी पढ़ें: बबुआ 12 बजे तक सोते थे, 5 बजे जिम जाते थे...दिन भर महफिल में रहते थे व्यस्त, जानें CM योगी ने किस पर कसा तंज
