शाहजहांपुर में विधवा पेंशन के नाम पर महिला के खाते से 5 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

Shahjahanpur News: शाहजहांपुर में विधवा पेंशन दिलाने के नाम पर एक महिला से करीब 5 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. आरोपी ने महिला के आधार, पैन कार्ड और मोबाइल सिम की OTP हासिल कर उसके खाते से रकम निकाल ली. पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Shahjahanpur News: विधवा पेंशन दिलाने का भरोसा देकर एक महिला के साथ करीब 5 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में रामचंद्र मिशन पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि आरोपी ने पेंशन के कागज तैयार कराने के नाम पर महिला से आधार कार्ड, पैन कार्ड और मोबाइल सिम की OTP हासिल की और फिर उसी जानकारी का इस्तेमाल कर उसके बैंक खाते से रकम निकाल ली.

पेंशन के नाम पर हासिल की जरूरी जानकारी

मामला रौसर कोठी का है. पुलिस के मुताबिक आरोपी नमन पुत्र त्रिलोकी सिंह, निवासी रौसर कोठी ने गांव की ही एक महिला को विधवा पेंशन दिलाने का झांसा दिया था. उसने पेंशन से जुड़े दस्तावेज तैयार करने की बात कहकर महिला से आधार कार्ड, पैन कार्ड और मोबाइल सिम से जुड़ी OTP की जानकारी ले ली.

धीरे-धीरे खाते से निकाले करीब 5 लाख रुपये

आरोप है कि महिला से मिली जानकारी का गलत इस्तेमाल कर नमन ने उसके बैंक खाते से धीरे-धीरे करीब 5 लाख रुपये निकाल लिए. जब महिला को खाते से पैसे गायब होने की जानकारी हुई तो उसने आरोपी से अपनी रकम वापस मांगी. हालांकि, आरोपी ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया.

बेटे को भी दी जान से मारने की धमकी

महिला के बेटे ने भी आरोपी को फोन कर रकम वापस करने के लिए कहा. आरोप है कि इस पर नमन ने उसे जान से मारने की धमकी दे दी. इसके बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की.

15 जुलाई को दर्ज हुआ था मुकदमा

पीड़िता की तहरीर पर 15 जुलाई को रामचंद्र मिशन थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था. मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था. पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी.

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचा

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने 12 सितंबर की रात करीब 11 बजे आरोपी नमन को भट्टा चौराहा, रौसर कोठी से गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे कोर्ट में पेश किया. यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक हरीश कुमार के नेतृत्व में की गई.

Also Read: UP में देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! 14 IAS और 34 PCS अफसरों के तबादले, जानें किसे कहां मिली जिम्मेदारी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By लक्की कुमारी

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >