UP News: शाहजहांपुर जिला के जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे एक कैदी की मौत के बाद मामला चर्चा में आ गया है. मृतक की पहचान ताहिर पुत्र मतीउल्ला, निवासी प्रहलादपुर कमलैनपुर के रूप में हुई है. ताहिर हत्या के एक मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा था. उसकी मौत के बाद परिजनों ने जेल प्रशासन पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है.
तीन साल पुराने चर्चित हत्याकांड में बंद था ताहिर
बताया जा रहा है कि ताहिर का नाम करीब तीन साल पहले हुए चर्चित रियासत उल्ला हत्याकांड में सामने आया था. इसी मामले में चांद मियां उर्फ पप्पू भी जेल में बंद था. उस समय चांद मियां के परिजनों ने अंटा चौराहे पर धरना-प्रदर्शन भी किया था. पिछले साल चांद मियां उर्फ पप्पू की भी जेल में अचानक मौत हो गई थी. अब उसी मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे ताहिर की मौत के बाद एक बार फिर कई सवाल उठने लगे हैं.
बेटे ने जेल प्रशासन पर उठाए सवाल
ताहिर की मौत के बाद उसके बेटे दानिश ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं. परिवार का कहना है कि मौत को सामान्य मानकर मामले को खत्म नहीं किया जाना चाहिए और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. परिजनों ने जेल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मौत की असली वजह सामने लाने की मांग की है.
जेल अधीक्षक ने बताई हार्ट अटैक की वजह
वहीं, जेल अधीक्षक के मुताबिक शुरुआती जांच में ताहिर की मौत हार्ट अटैक से होने की बात सामने आई है. जेल प्रशासन इसे फिलहाल स्वाभाविक मौत बता रहा है. हालांकि, परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद मामले को लेकर जांच की मांग की जा रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
फिलहाल ताहिर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि उसकी मौत की वास्तविक वजह क्या थी. मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी.
Also Read:शाहजहांपुर में विधवा पेंशन के नाम पर महिला के खाते से 5 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
