Rohilkhand University : महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय से जुड़े विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है. विश्वविद्यालय में अप्रेंटिसशिप एंबेडेड डिग्री प्रोग्राम (AEDP) के तहत इस शैक्षणिक सत्र में चार नए केंद्र शुरू किए जाएंगे. इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण और कमाई का अवसर भी मिलेगा. नए केंद्र शुरू होने के बाद विश्वविद्यालय से संबद्ध एईडीपी केंद्रों की संख्या बढ़कर पांच हो जाएगी.
चार कॉलेजों में शुरू होंगे एईडीपी केंद्र
अब तक रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध सिर्फ एक महाविद्यालय में एईडीपी केंद्र संचालित था. इस सत्र से चार और केंद्रों को मंजूरी मिली है. इनमें विश्वविद्यालय कैंपस के दो केंद्र, ज्योति कॉलेज का एक केंद्र और राजकीय महाविद्यालय, बिल्सी (बदायूं) का एक केंद्र शामिल है. एईडीपी पाठ्यक्रमों के लिए नैक से मान्यता प्राप्त और एनआईआरएफ रैंकिंग वाले संबद्ध महाविद्यालयों का चयन किया गया है. शैक्षणिक सत्र 2026-27 से चयनित संस्थानों को पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए अलग से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेने की आवश्यकता नहीं होगी.
पढ़ाई के साथ कमाई का मिलेगा मौका
एईडीपी का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिग्री के साथ रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है. इसके तहत विद्यार्थियों को संबंधित संस्थानों में इंटर्नशिप का अवसर मिलेगा. इंटर्नशिप पूरी करने के बाद संबंधित संस्थान की ओर से प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा. इसके साथ विद्यार्थियों को निर्धारित मानदेय मिलने का प्रावधान है. विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी विनय वर्मा ने बताया कि कॉलेजों ने एईडीपी को लेकर रुचि दिखाई है. इस कार्यक्रम के जरिए विद्यार्थी पढ़ाई के साथ कमाई भी कर सकेंगे.
कैंपस में इन पाठ्यक्रमों की शुरुआत
इस सत्र में विश्वविद्यालय कैंपस के दो केंद्रों पर पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं. इनमें बीबीए टूरिज्म एंड हॉस्पिटेलिटी और बीए बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज एंड इंश्योरेंस शामिल हैं. वहीं, ज्योति कॉलेज ने बीबीए रिटेल सहित एक अन्य पाठ्यक्रम के लिए प्रस्ताव भेजा है. कॉलेज के प्रबंध निदेशक डीडी रावत के अनुसार, महाविद्यालय का चयन एईडीपी कोर्स के लिए हुआ है, हालांकि पाठ्यक्रम शुरू होने में अभी कुछ समय लगेगा.
बिल्सी कॉलेज में बीबीए रिटेल और हेल्थ
राजकीय महाविद्यालय बिल्सी का चयन भी एईडीपी के तहत किया गया है. यहां बीबीए रिटेल और बीबीए हेल्थ पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना है. इसके अलावा विश्वविद्यालय की ओर से अन्य संबद्ध कॉलेजों से भी एईडीपी पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन मांगे गए थे. इनमें बीकॉम बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज एंड इंश्योरेंस, बीकॉम रिटेल एंड ऑपरेशन मैनेजमेंट और बीएससी टूरिज्म एंड हॉस्पिटेलिटी ऑपरेशन जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं.
पिछले साल शुरू हुआ था पहला केंद्र
रुहेलखंड विश्वविद्यालय में एईडीपी का पहला केंद्र पिछले वर्ष साहू रामस्वरूप महिला महाविद्यालय में शुरू किया गया था. यहां बीबीए रिटेल पाठ्यक्रम संचालित किया गया. अब चार नए केंद्र जुड़ने से विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा और इंडस्ट्री आधारित प्रशिक्षण के ज्यादा अवसर मिलेंगे.
Also Read : पापा मुझे माफ कर देना, मेरे साथ गलत हुआ है... मैं मरने जा रही हूं, लापता होने से पहले आया बेटी का ऑडियो
