UP News: ट्रेनों में लगातार बढ़ रही यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने सात जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के फेरों में बढ़ोतरी की है. इससे मुंबई, मालदा टाउन, गांधीधाम, अयोध्या, इंदौर और पटना समेत कई प्रमुख रूटों पर सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी. साथ ही प्रयागराज से औंड़िहार और तमिलनाडु के तिरुनेलवेली के लिए भी विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा.
7 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़े
रेलवे ने मुंबई सेंट्रल-कानपुर अनवरगंज (09185/09186) और इंदौर-हजरत निजामुद्दीन (09309/09310) स्पेशल ट्रेनों का संचालन आगे भी जारी रखने का फैसला किया है. इसके अलावा उधना-अयोध्या कैंट (09093/09094 और 09097/09098), उधना-मालदा टाउन (09033/09034), गांधीधाम-भागलपुर (09451/09452) और अहमदाबाद-पटना (09447/09448) साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनों के फेरों में भी बढ़ोतरी की गई है.
सूबेदारगंज–औंड़िहार के बीच चलेगी दैनिक स्पेशल ट्रेन
यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे गाड़ी संख्या 01917/01918 सूबेदारगंज-औंड़िहार-प्रयागराज दैनिक स्पेशल ट्रेन भी चला रहा है. ट्रेन संख्या 01917 सूबेदारगंज से 29 अगस्त तक प्रतिदिन रात 9:30 बजे रवाना होगी और प्रयागराज, प्रयागराज रामबाग, झूंसी, हंडिया खास, ज्ञानपुर, माधोसिंह, बनारस व वाराणसी जंक्शन होते हुए अगले दिन सुबह 1:30 बजे औंड़िहार जंक्शन पहुंचेगी. वहीं ट्रेन संख्या 01918 औंड़िहार जंक्शन से 30 अगस्त तक प्रतिदिन संचालित होगी.
प्रयागराज से तिरुनेलवेली के लिए भी शुरू हुई स्पेशल ट्रेन
रेलवे ने प्रयागराज से तमिलनाडु के तिरुनेलवेली के लिए भी विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. ट्रेन संख्या 04171/04172 प्रयागराज-तिरुनेलवेली-प्रयागराज स्पेशल का संचालन प्रयागराज से प्रत्येक शनिवार 1 अगस्त से 22 अगस्त तक और तिरुनेलवेली से प्रत्येक सोमवार 3 अगस्त से 24 अगस्त तक किया जाएगा. इससे उत्तर भारत और दक्षिण भारत के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधी रेल सुविधा का लाभ मिलेगा.
Also Read: 'मैं जिंदा हूं'... अंतिम संस्कार से पहले बोली महिला,17 घंटे बाद लौटी सांस, जानें पूरा मामला
