UP में स्वाइन फ्लू को लेकर योगी सरकार का एक्शन! सरकारी अस्पतालों में जांच FREE, गंभीर मरीजों के लिए अलग ICU तैयार

UP Swine Flu: उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने सख्त कदम उठाए हैं. अब सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में स्वाइन फ्लू की जांच मुफ्त होगी. गंभीर मरीजों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है.

UP Swine Flu: उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू (H1N1) के बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को लेकर जरूरी निर्देश दिए हैं. जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) और मेडिकल कॉलेजों समेत सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में स्वाइन फ्लू की जांच निःशुल्क कराने को कहा गया है. जिन जिलों में स्वाइन फ्लू के ज्यादा मामले हैं, वहां निगरानी और उपचार व्यवस्था को मजबूत करने के साथ गंभीर मरीजों के लिए अलग ICU वार्ड तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं.

सरकारी अस्पतालों में होगी मुफ्त जांच

बुधवार को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह की मौजूदगी में हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने H1N1 की रोकथाम और उपचार को लेकर विस्तृत गाइडलाइन जारी करने के निर्देश दिए. उन्होंने टेलिकन्सल्टेशन व्यवस्था को प्रभावी बनाने के साथ एएनएम, आशा और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के सहयोग से सघन जांच अभियान चलाने को कहा है, ताकि संभावित मरीजों की पहचान की जा सके. मुख्यमंत्री ने निजी चिकित्सा संस्थानों को भी निर्धारित शुल्क से अधिक राशि नहीं लेने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने सामान्य लक्षण वाले मरीजों को घर पर आराम करने और सेल्फ आइसोलेशन की सलाह देने को कहा है. वहीं, गंभीर मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं.

बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों पर विशेष ध्यान

मुख्यमंत्री ने बच्चों, गर्भवती महिलाओं, 65 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों और पहले से गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं. अस्पतालों में इन्फ्लुएंजा जैसे लक्षण वाले मरीजों के लिए अलग काउंटर बनाने को भी कहा गया है. उन्होंने अस्पतालों पर अनावश्यक दबाव न बढ़े, इसके लिए मरीजों की स्थिति के अनुसार रेफरल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. गंभीर लक्षण वाले मरीजों को ही अस्पताल भेजने और उनके लिए पर्याप्त ICU व्यवस्था रखने को कहा गया है.

इन गंभीर लक्षणों वाले मरीजों को तुरंत मिले इलाज

मुख्यमंत्री ने सांस लेने में कठिनाई, सीने में दर्द, अत्यधिक सुस्ती, रक्तचाप कम होना, खून मिला बलगम या नाखूनों का नीला पड़ना जैसे गंभीर लक्षण वाले मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. ऐसे मरीजों के लिए पर्याप्त ICU व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है.

ओसेल्टामिविर और H1N1 वैक्सीन पर्याप्त

बैठक में बताया गया कि प्रदेश में ओसेल्टामिविर कैप्सूल और सिरप के साथ H1N1 वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं. जनपदीय चिकित्सालयों और चिकित्सा महाविद्यालयों में हेल्प डेस्क, Flu OPD, नमूना संग्रह, जांच, दवाएं और आइसोलेशन बेड की व्यवस्था है. RT-PCR किट भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं. बैठक में SGPGI के निदेशक डॉ. आरके धीमान, केजीएमयू की कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद और राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के निदेशक डॉ. सीएम सिंह ने अपने-अपने संस्थानों में उपचार, टेस्टिंग और दवाओं की उपलब्धता की जानकारी दी.

Must Read: UP के स्कूल का अजब हाल! 6 शिक्षक तैनात, फिर बच्चों के हाथ क्यों थी स्कूल की चाबी? अफसर पहुंचे तो खुला हैरान करने वाला सच

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By खुशबू कुमारी

खुशबू कुमारी पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज, से मास कम्युनिकेशन में स्नातक किया है तथा वर्तमान में इग्नू से मास्टर ऑफ आर्ट्स (मास कम्युनिकेशन एंड डिजिटल मीडिया) की पढ़ाई कर रही हैं. उन्हें जनहित से जुड़ी खबरों, डिजिटल पत्रकारिता, समाचार लेखन, फोटोग्राफी, वीडियो एडिटिंग और ग्राफिक डिजाइन में विशेष रुचि है. वे राजनीति, शिक्षा, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों, अपराध और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर शोधपरक, तथ्यपरक और पाठकों के लिए उपयोगी डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं. उनका उद्देश्य पाठकों तक विश्वसनीय, स्पष्ट और प्रभावी जानकारी पहुंचाना है, ताकि समाचार केवल सूचना का माध्यम न होकर समाज के लिए उपयोगी साबित हों.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >