UP News: उत्तर प्रदेश के आगरा में चार साल पहले चोरी हुई लाइसेंसी राइफल की बरामदगी के लिए एक कॉलेज संचालक ने अनोखा संकल्प लिया था. उन्होंने तय किया था कि जब तक राइफल वापस नहीं मिलेगी, तब तक वह बाल और दाढ़ी नहीं कटवाएंगे. चार साल तक उन्होंने अपना संकल्प निभाया. अब पुलिस ने राइफल बरामद कर ली है, जिसके बाद उदय सिंह ने बाल और दाढ़ी कटवाकर अपना संकल्प पूरा किया.
घर से राइफल के साथ नकदी और जेवर भी चोरी
सैंया निवासी मां दुर्गा देवी हायर सेकेंडरी स्कूल के संचालक और पूर्व प्रधान उदय सिंह के घर 9 मई 2022 को चोरी हुई थी. उस समय उनकी तबीयत खराब थी और पैर में तेज दर्द होने के कारण वह रोज की तरह राइफल लेकर नहीं सोए थे. उन्होंने लाइसेंसी राइफल दूसरे कमरे में रख दी थी. इसी दौरान उनकी पत्नी रेखा देवी कमरे की कुंडी लगाना भूल गईं. चोर घर में घुसे और लाइसेंसी राइफल के साथ चार लाख रुपये नकद, 22 तोला सोने के जेवर और करीब ढाई किलो चांदी चोरी कर ले गए.
नकदी-जेवर से ज्यादा राइफल चोरी का था मलाल
उदय सिंह के मुताबिक, नकदी और जेवर चोरी होने का उन्हें उतना दुख नहीं हुआ, जितना लाइसेंसी राइफल चोरी होने का था. उन्होंने यह राइफल वर्ष 2003 में खरीदी थी और वह उन्हें बेहद प्यारी थी. चोरी के बाद गांव के लोग उन्हें ताना देते थे कि घर में राइफल होने के बावजूद वह उसकी सुरक्षा नहीं कर सके. इन बातों से आहत होकर उन्होंने प्रण लिया कि जब तक राइफल बरामद नहीं होगी, तब तक बाल और दाढ़ी नहीं कटवाएंगे.
परिवार ने समझाया, लेकिन संकल्प नहीं तोड़ा
चोरी के मामले में पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया, लेकिन राइफल का पता नहीं चला. उदय सिंह लगातार पुलिस के संपर्क में रहे. लंबे बाल और दाढ़ी को लेकर परिवार में भी उनसे कई बार संकल्प छोड़ने के लिए कहा गया. उनकी पत्नी नाराज होकर मायके तक चली गई थीं और उन्होंने कहा था कि बाल नहीं कटवाएंगे तो वह उनके साथ नहीं रहेंगी. बाद में पत्नी ने उनके संकल्प को समझा और वापस लौट आईं, लेकिन उदय सिंह ने अपना प्रण नहीं तोड़ा. इसी साल एक जून को उनकी पत्नी रेखा देवी पैरालिसिस की चपेट में आ गई थीं. इलाज के बाद वह घर पर हैं. राइफल बरामद होने की जानकारी मिलने पर वह भी बेहद खुश हुईं.
25 हजार के इनामी आरोपी से बरामद हुई राइफल
खेरागढ़ पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने फजीहतपुरा कट से 25 हजार रुपये के इनामी नकबजन ध्रुव सिंह को गिरफ्तार किया. उसके कब्जे से उदय सिंह की चोरी हुई लाइसेंसी राइफल, .315 बोर के दो कारतूस, 50 हजार रुपये और बाइक बरामद हुई. ध्रुव सिंह के खिलाफ कागारौल थाने में नकबजनी के तीन मुकदमे दर्ज हैं. डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार के अनुसार, आरोपी पर पहले 10 हजार रुपये का इनाम था, जिसे बढ़ाकर 25 हजार रुपये किया गया था. पूछताछ में उसने साथियों के साथ कई चोरी की वारदातों को कबूल किया है. पुलिस उसके फरार साथी बबलू और अनिरुद्ध की तलाश कर रही है. राइफल मिलने के बाद उदय सिंह ने चार साल पुराना संकल्प पूरा करते हुए बाल और दाढ़ी कटवा ली.
Must Read: दिवाली के बाद भी नहीं थमेगी इस Special Train की रफ्तार, रेलवे ने बढ़ाए 13 फेरे, जानें नया शेड्यूल
