UP News: सावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ने वाली भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए उत्तर प्रदेश के एटा जिले में प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं. जिले में 12वीं तक के विद्यालय हर शनिवार और सोमवार बंद रहेंगे. साथ ही शुक्रवार रात से सोमवार शाम तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा, जिससे कांवड़ियों की आवाजाही सुचारु बनी रहे.
कांवड़ यात्रा को देखते हुए स्कूलों में अवकाश
सावन के दौरान सोरों और कछला घाट से गंगाजल लेकर लौटने वाले कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए एटा में 12वीं तक के स्कूल शनिवार और सोमवार को बंद रखने का फैसला किया गया है. प्रशासन का उद्देश्य छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और यातायात पर दबाव कम करना है.
शुक्रवार रात से लागू रहेगा रूट डायवर्जन
जिले में शुक्रवार रात आठ बजे से रूट डायवर्जन व्यवस्था लागू कर दी गई है, जो सोमवार शाम छह बजे तक प्रभावी रहेगी. यही व्यवस्था 7 से 11 अगस्त, 14 से 17 अगस्त और 21 से 24 अगस्त तक भी प्रत्येक शुक्रवार से सोमवार शाम तक लागू रहेगी. इस दौरान शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी, जबकि रोडवेज बसों का संचालन वैकल्पिक मार्गों से किया जाएगा.
इन मार्गों पर भारी वाहनों की नो-एंट्री
डायवर्जन के दौरान अलीगढ़, पिलुआ, मैनपुरी, फिरोजाबाद, कासगंज, बदायूं, बरेली, शिकोहाबाद और टूंडला की ओर से आने वाले भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा. सभी वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा. वहीं, कांवड़ यात्रा के दौरान एटा-कासगंज मार्ग को वन-वे रखा जाएगा.
कई निजी स्कूलों ने भी घोषित किया अवकाश
प्रशासनिक व्यवस्था के साथ-साथ शहर के कई प्रमुख निजी स्कूलों ने भी ट्रैफिक और कांवड़ यात्रा की भीड़ को देखते हुए शनिवार और सोमवार को अवकाश घोषित किया है. स्कूल प्रबंधन का कहना है कि यह फैसला छात्रों की सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखकर लिया गया है.
Also Read: पेपर लीक से शिक्षा व्यवस्था तक, 8 अगस्त को प्रयागराज में छात्रों से संवाद करेंगे राहुल गांधी
