UP News: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में सीआरपीएफ के सेवानिवृत्त जवान की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई. यह हादसा औड़िहार-गाजीपुर रेल मार्ग पर सैदपुर नगर के वार्ड संख्या-11 स्थित रहेड्डा मोहल्ले के पास हुआ. मृतक की पहचान सिंहपुर गांव निवासी सरोज सिंह यादव के रूप में हुई है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेलवे ट्रैक से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटनास्थल से उनकी साइकिल भी बरामद हुई.
परिजन तलाश कर रहे थे, तभी मिली हादसे की सूचना
परिजनों के अनुसार, सरोज सिंह यादव शुक्रवार सुबह साइकिल लेकर घर से निकले थे, लेकिन लंबे समय तक वापस नहीं लौटे. उनकी तलाश की जा रही थी, तभी सुबह करीब सात बजे सूचना मिली कि सैदपुर के पास रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है. सूचना मिलते ही उनके बड़े बेटे विनय मौके पर पहुंचे और शव की पहचान अपने पिता के रूप में की. घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया.
दो साल पहले हुए थे रिटायर, तबीयत अक्सर खराब रहती थी
परिजनों ने पुलिस को बताया कि सरोज सिंह यादव करीब दो वर्ष पहले सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त हुए थे. रिटायरमेंट के बाद से उनकी तबीयत अक्सर खराब रहती थी. उनके परिवार में पत्नीऔर दो बेटे हैं. बड़ा बेटा विनय खेती-बाड़ी करता है, जबकि छोटा बेटा विपिन इलाहाबाद हाईकोर्ट में अधिवक्ता है.
पुलिस ने शुरू की आवश्यक कार्रवाई
सैदपुर कस्बा पुलिस चौकी प्रभारी मनोज कुमार पांडे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है. घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
