UP Crime News: उन्नाव के बांगरमऊ में फ्रिज में रखी रसमलाई खाने को लेकर दो भाइयों के परिवार में विवाद हो गया. आरोप है कि रसमलाई खाने से नाराज छोटे भाई नूर और उसकी पत्नी फातमा ने बड़े भाई शानू और उनकी पत्नी साबरीन पर कैंची से हमला कर दिया. हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
रसमलाई बांटने पर शुरू हुआ विवाद
मामला बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के कस्बे का बताया जा रहा है. रविवार देर रात साबरीन ने फ्रिज में रखी रसमलाई बच्चों में बांटी और खुद भी खाई. साबरीन के मुताबिक, उनकी बहन ने फोन कर बच्चों को रसमलाई खिलाने के लिए कहा था. इसी बात की जानकारी होने पर उनके देवर नूर और देवरानी फातमा नाराज हो गए.
कहासुनी के बाद कैंची से हमला
रसमलाई खाने को लेकर नूर और फातमा की साबरीन से कहासुनी शुरू हो गई. आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद दोनों ने कैंची से शानू और साबरीन पर हमला कर दिया. हमले में पति-पत्नी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल शानू व साबरीन को अस्पताल ले गए. दोनों का उपचार चल रहा है. वहीं, घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर दी.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पुलिस ने तहरीर के आधार पर नूर और फातमा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. मामूली विवाद के बाद कैंची से हमले की यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.
Also Read: दशकों पुराना पेड़ कटने पर भड़के मेयर, नगर निगम-स्मार्ट सिटी अधिकारियों से मांगा जवाब
