Ayodhya Ram Mandir: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नवनियुक्त सीईओ एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्रा सोमवार को अयोध्या पहुंचे और राम मंदिर परिसर में कामकाज संभाल लिया. करीब 11 दिन बाद अयोध्या लौटे सीईओ अब नियमित रूप से यहीं रहकर मंदिर की व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं को दी जा रही सुविधाओं की मौके से निगरानी करेंगे. उनका ड्यूटी चार्ट भी तय कर दिया गया है. इसके तहत वह सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक यानी 12 घंटे मंदिर परिसर में मौजूद रहेंगे.
कर्मचारियों के साथ बैठक, समझी जिम्मेदारियां
राम मंदिर परिसर पहुंचने के बाद जितेंद्र मिश्रा ने मंदिर की व्यवस्थाओं से जुड़े कर्मचारियों के साथ बैठक की. उन्होंने अलग-अलग व्यवस्थाओं में तैनात कर्मियों की जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी ली और मौजूदा व्यवस्था को समझा. इसके बाद ट्रस्ट के ट्रस्टी मदन मोहन पांडेय और सचिव जगदीश आफले के साथ भी बैठक की. पहले दिन उन्होंने मंदिर की यज्ञशाला, प्रसाद व्यवस्था समेत श्रद्धालुओं से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
मौके पर जाकर लिया व्यवस्थाओं का जायजा
सीईओ ने मंदिर परिसर में अलग-अलग जिम्मेदारियां संभाल रहे कर्मचारियों से बातचीत की और उनके कामकाज की जानकारी ली. उन्होंने यह समझने की कोशिश की कि मंदिर की दैनिक व्यवस्थाएं किस तरह संचालित हो रही हैं और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की मौजूदा स्थिति क्या है. सीईओ की नियमित मौजूदगी से इन व्यवस्थाओं की मौके पर मॉनिटरिंग की जाएगी.
PFC सेंटर में तैयार हुआ सीईओ का कार्यालय
राम मंदिर परिसर स्थित PFC सेंटर में सीईओ के लिए कार्यालय तैयार किया गया है. अब जितेंद्र मिश्रा यहीं से मंदिर की व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे और संबंधित अधिकारियों व एजेंसियों के साथ समन्वय करेंगे. मंदिर व्यवस्था से जुड़े फैसलों के क्रियान्वयन की मौके पर निगरानी भी इसी केंद्र से की जा सकेगी.
