नोएडा की चिप फैक्ट्री में लगी आग, दीवार गिरने से 2 फायरकर्मियों की मौत , 500 लोगों को सुरक्षित निकाला

UP News: ग्रेटर नोएडा में एक इलेक्ट्रॉनिक चिप फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. आग बुझाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें दो फायरकर्मियों ने अपनी जान गंवा दी. हालांकि, समय रहते 500 कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

UP News: ग्रेटर नोएडा से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है. इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने वाली कंपनी में लगी भीषण आग पर काबू पाने के दौरान फायर ब्रिगेड के दो जवानों ने अपनी जान गंवा दी. राहत की बात यह रही कि समय रहते कंपनी में नाइट शिफ्ट में काम कर रहे करीब 500 कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. लेकिन रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अचानक कंपनी की दीवार और लोहे का बीम गिर गया, जिसकी चपेट में पांच फायरकर्मी आ गए. इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.

तड़के लगी आग, मच गई अफरा-तफरी

घटना ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र स्थित ILGIM कंपनी की है, जहां इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने का काम होता है. मंगलवार तड़के करीब 3 बजे कंपनी में भीषण आग लगने की सूचना मिली. देखते ही देखते आग की ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार पूरे परिसर में फैल गया. उस समय कंपनी में नाइट शिफ्ट के करीब 500 कर्मचारी मौजूद थे. आग लगते ही वहां अफरा-तफरी मच गई और कई कर्मचारी अंदर फंस गए.

सबसे पहले 500 कर्मचारियों को सुरक्षित निकाला

सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई. फायरकर्मियों ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. सबसे पहले कंपनी में फंसे सभी करीब 500 कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इसके बाद दमकल कर्मी आग पर काबू पाने में जुट गए.

आग बुझाते समय गिरी दीवार, पांच फायरकर्मी मलबे में दबे

सुबह करीब 5 बजे जब फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझा रही थी, तभी कंपनी की एक दीवार और लोहे का भारी बीम अचानक भरभराकर गिर पड़ा. हादसे में मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह (48), फायरमैन रोहित यादव (32), मनीष कुमार और अमित कुमार मलबे के नीचे दब गए. सभी को तत्काल रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया.

इलाज के दौरान दो फायरकर्मियों की मौत

अस्पताल में इलाज के दौरान फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह की मौत हो गई. दोनों मूल रूप से बागपत के रहने वाले थे. तीरथपाल सिंह वर्ष 1997 में फायर विभाग में भर्ती हुए थे, जबकि रोहित यादव ने वर्ष 2016 में विभाग जॉइन किया था. हादसे में घायल तीन अन्य फायरकर्मियों का इलाज जारी है.

पुलिस कमिश्नर ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

घटना की जानकारी मिलने के बाद मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित यथार्थ अस्पताल पहुंचीं. उन्होंने घायल फायरकर्मियों और डॉक्टरों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना. साथ ही परिजनों से मिलकर हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया.

कर्मचारियों ने कहा- आग कैसे लगी, अभी पता नहीं

कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी राजीव ने बताया कि जब वह सुबह की शिफ्ट में ड्यूटी पर पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि रात में आग लगने की वजह से आज छुट्टी कर दी गई है. उन्होंने बताया कि नाइट शिफ्ट में मौजूद कर्मचारियों से बातचीत में भी आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी. फिलहाल आग लगने का कारण सामने नहीं आया है.

डीसीपी बोले- हर पहलू की होगी जांच

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह ने बताया कि आग लगने और उसके बाद हुए हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कराई जा रही है. साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि कंपनी में सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जा रहा था या नहीं. जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Must Read- चर्चित विनोद सिंघल हत्याकांड का आरोपी एनकाउंटर में ढेर, 1 लाख के इनामी फुरकान का हुआ अंत


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Komal Agarwal

कोमल अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वे डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न विषयों पर समाचार एवं लेख लिखती हैं. इससे पहले उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में इंटर्नशिप एवं कार्य अनुभव प्राप्त किया है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से जनसंचार एवं पत्रकारिता की पढ़ाई की है. कोमल तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित पत्रकारिता में विश्वास रखती हैं तथा सरल, सटीक और प्रभावी समाचार लेखन को प्राथमिकता देती हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >