UP News: उत्तर प्रदेश के जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल परिसर में भारी बारिश के बाद अस्थायी रूप से जलभराव हो गया. टर्मिनल को पार्किंग क्षेत्र से जोड़ने वाली सड़क पर पानी भरने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, करीब 30 मिनट के भीतर जलभराव का पानी निकाल दिया गया. इसी मामले को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है.
अखिलेश यादव ने पूछा- क्या अब एयरपोर्ट पर नावें चलेंगी?
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर जलभराव को लेकर तंज कसा. उन्होंने लिखा, “क्या अब हवाई अड्डे पर नावें चलेंगी? जहाँ भाजपा की सरकार होती है, वहाँ बड़ा भ्रष्टाचार होता है!” अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में एयरपोर्ट पर बारिश के बाद हुए जलभराव को लेकर भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया.
भारी बारिश के बाद टर्मिनल-पार्किंग क्षेत्र में भरा पानी
लगातार हुई भारी बारिश के कारण नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल और पार्किंग को जोड़ने वाले हिस्से में पानी जमा हो गया. सामने आए वीडियो में इस क्षेत्र में पानी भरा हुआ दिखाई दे रहा है. एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि जलभराव अस्थायी था और करीब 30 मिनट के भीतर पानी निकाल दिया गया.
ड्रेनेज व्यवस्था पर उठे सवाल
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पहली चरण (फेज-1) परियोजना पर 11,282 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जबकि पूरे एयरपोर्ट प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 29,560 करोड़ रुपये है. इस आधुनिक हवाई अड्डे का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च 2026 को किया था. उद्घाटन के कुछ ही महीनों बाद बारिश के दौरान टर्मिनल-पार्किंग कनेक्टिंग एरिया में जलभराव की घटना सामने आने से इसकी ड्रेनेज व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं, हालांकि एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि करीब 30 मिनट के भीतर पानी निकाल दिया गया था.
Must Read- 6 साल तक बदलता रहा पहचान! जानिए कैसे 'छोटा पैग' बना कत्ल की वजह और UP पुलिस ने कैसे दबोचा कातिल
