कांवड़ यात्रा में हादसों का तांडव, कहीं जनरेटर में खिंची सिर की खाल, तो कहीं बिछीं लाशें, कांप उठे लोग

UP News: कांवड़ यात्रा के दौरान मुरादाबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई, जिसमें एक 16 वर्षीय किशोरी के बाल चलते जनरेटर में फंस गए, जिससे उसके सिर की खाल उखड़ गई. इस दुखद हादसे के अलावा, अन्य स्थानों पर भी कांवड़ियों की मौतों और चोटों की खबरें आई हैं.

UP News: कांवड़ यात्रा के दौरान मुरादाबाद के कुंदरकी में सोमवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया. हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों के जत्थे में शामिल 16 वर्षीय किशोरी के बाल चलते जनरेटर की बेल्ट और पंखे में फंस गए. जनरेटर के खिंचाव से उसके सिर की खाल भी उखड़ गई. गंभीर रूप से घायल किशोरी को प्राथमिक उपचार के बाद मुरादाबाद जिला अस्पताल रेफर किया गया.

डीजे वाहन पर चढ़ते समय हुआ हादसा

बिलारी थाना क्षेत्र के सादिकपुर गांव निवासी ऊदल अपनी दो बेटियों, बेटे और भतीजे समेत करीब 70 श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे थे. सोमवार दोपहर करीब 12 बजे जत्था कुंदरकी नगर स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचा. इसी दौरान ऊदल की 16 वर्षीय बेटी शिवानी मोटरसाइकिल से उतरकर आगे चल रहे कांवड़ वाहन पर चढ़ने लगी. तभी वहां चल रहे खुले जनरेटर में उसके लंबे बाल फंस गए.

कुछ ही सेकेंड में मची चीख-पुकार

जनरेटर के खिंचाव से शिवानी के सिर की खाल बुरी तरह जख्मी हो गई और वह खून से लथपथ होकर मौके पर गिर पड़ी. उसकी चीख सुनकर साथ चल रहे कांवड़ियों ने तुरंत जनरेटर बंद किया और उसे बाहर निकाला. हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा. परिजन और कांवड़िए उसे तत्काल सीएचसी कुंदरकी लेकर पहुंचे. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे मुरादाबाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया.

दो किशोर कांवड़ियों की सड़क हादसे में मौत

वहीं, हरिद्वार से डाक कांवड़ लेकर लौट रहे बिलारी के दो किशोरों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. मकरंदपुर गांव निवासी गौतम (16) और अनिल सैनी (17) 7 अगस्त को गांव के पांच अन्य युवकों के साथ बाइकों से हरिद्वार कांवड़ लेने गए थे. सभी 9 अगस्त को वापस लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइक की दूसरी बाइक से टक्कर हो गई. दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान मेरठ में उनकी मौत हो गई.

एक ही मोहल्ले के थे दोनों किशोर

हादसे के बाद पुलिस दोनों घायलों को सरकारी अस्पताल लेकर पहुंची थी. हालत गंभीर होने पर उन्हें मेरठ रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सोमवार को मेरठ में पोस्टमार्टम के बाद देर शाम दोनों के शव गांव पहुंचे. शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया. गौतम राजकीय इंटर कॉलेज में हाईस्कूल का छात्र था, जबकि अनिल सैनी भी हाईस्कूल में पढ़ता था. दोनों का सोमवार देर शाम अंतिम संस्कार कर दिया गया.

मेरठ में हादसों में 14 कांवड़िये घायल

उधर, मेरठ में सोमवार को डाक कांवड़ियों की भारी भीड़ के बीच कई सड़क हादसे हुए. दिल्ली-देहरादून बाईपास और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर हुए हादसों में 14 कांवड़िये घायल हो गए. इनमें दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, नोएडा, गाजियाबाद, पलवल और हिसार के कांवड़िये शामिल बताए गए हैं. घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया. इनमें आठ कांवड़ियों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी है.

रूट बदले जाने से कई जगह लगा जाम

हादसों और जाम को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया. दिल्ली से हरिद्वार जाने वाले मार्ग पर कई जगह बैरियर लगाकर रास्ता बंद किया गया और वाहनों को परतापुर अंडरपास के नीचे से शहर के रास्ते आगे भेजा गया. अचानक रूट बदलने से कई स्थानों पर परेशानी हुई. इसी दौरान भीड़ के बीच कुछ डाक कांवड़िये विपरीत दिशा में दौड़ने लगे और बाइक सवार कांवड़ियों की आमने-सामने की टक्कर हो गई. पुलिस के अनुसार कुछ घायल अभी बयान देने की स्थिति में नहीं हैं. होश में आने के बाद उनके परिजनों से संपर्क किया जाएगा.

Must Read- UP से दिल्ली और बांद्रा का सफर होगा सुहाना,2 नई 'अमृत भारत' एक्सप्रेस मंजूर, देखिए रूट और स्टॉपेज की पूरी लिस्ट


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कोमल अग्रवाल

कोमल अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वे डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न विषयों पर समाचार एवं लेख लिखती हैं. इससे पहले उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में इंटर्नशिप एवं कार्य अनुभव प्राप्त किया है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से जनसंचार एवं पत्रकारिता की पढ़ाई की है. कोमल तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित पत्रकारिता में विश्वास रखती हैं तथा सरल, सटीक और प्रभावी समाचार लेखन को प्राथमिकता देती हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >