मेरठ में दिल दहला देने वाली घटना: चार साल के बेटे को कोल्ड्रिंक में जहर दिया, पिता-पुत्र दोनों की मौत

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक पारिवारिक कलह ने खूनी मोड़ ले लिया. एक पिता पर आरोप है कि उसने अपने चार साल के बेटे को कोल्ड्रिंक में ज़हर मिलाकर पिला दिया जिससे उसकी मौत हो गई.

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के किठौर थाना क्षेत्र में एक पारिवारिक विवाद ने बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला मोड़ ले लिया. पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद का अंत ऐसी घटना में हुआ, जिसने पूरे परिवार को तबाह कर दिया. आरोप है कि एक पिता ने अपने चार वर्षीय बेटे को कोल्ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. इसके बाद उसने स्वयं भी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया. गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराए गए पिता की भी उपचार के दौरान मौत हो गई. इस घटना के बाद गोविंदपुर शकरपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.  

पांच साल पहले हुई थी शादी, दो बच्चों का था परिवार  

जानकारी के अनुसार, रहदरा थाना परीक्षितगढ़ निवासी कपिल पुत्र चरण सिंह की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व किठौर के गोविंदपुर शकरपुर निवासी काजल पुत्री हरिकिशन के साथ हुई थी. दोनों के दो बच्चे थे, जिनमें चार वर्षीय बेटा कृष्णा और बेटी परी शामिल हैं. बताया गया कि तीन जुलाई को काजल की बहन भुरौ की शादी थी. मां के निधन के कारण शादी की अधिकांश जिम्मेदारियां काजल पर थीं. शादी समारोह में कपिल भी शामिल हुआ था और पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ.  

पत्नी को साथ ले जाने की बात पर शुरू हुआ विवाद  

बताया गया कि चार जुलाई को कपिल अपनी पत्नी काजल को साथ ले जाने के लिए मायके पहुंचा था. हालांकि काजल ने पारिवारिक जिम्मेदारियों का हवाला देते हुए कुछ दिन और मायके में रुकने की बात कही. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. मामला वहीं शांत नहीं हुआ और दोनों के बीच तनाव बना रहा.  

दोबारा पहुंचा ससुराल, समझाने के बाद भी नहीं थमा विवाद  

शुक्रवार को कपिल एक बार फिर गोविंदपुर शकरपुर पहुंचा और पत्नी को साथ ले जाने को लेकर दोनों के बीच दोबारा कहासुनी हुई. इसके बाद वह शाहजहांपुर स्थित काजल के फूफा के घर पहुंचा. वहां परिजनों ने उसे समझाने का प्रयास किया और वापस भेज दिया, लेकिन बताया जा रहा है कि इसके बावजूद विवाद समाप्त नहीं हुआ.  

चार वर्षीय बेटे को कोल्ड्रिंक में मिलाकर पिलाया जहर  

आरोप है कि कुछ समय बाद कपिल ने अपने चार वर्षीय बेटे कृष्णा को कोल्ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया. जहरीला पदार्थ पीने के बाद बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ गई. परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही मासूम कृष्णा ने दम तोड़ दिया. इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.  

बेटे की मौत के बाद पिता ने भी खाया जहर, इलाज के दौरान तोड़ा दम  

बेटे की हालत बिगड़ने और घटना के बाद कपिल ने भी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया. गंभीर अवस्था में उसे मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया. हालांकि उसकी हालत लगातार नाजुक बनी रही और शनिवार सुबह करीब चार बजे उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई.

- लक्की कुमारी की रिपोर्ट

Also Read: बिहार : अमरपुर डबल मर्डर का मुख्य शूटर सचिन पुलिस मुठभेड़ में जख्मी, रांची से हुआ था गिरफ्तार


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Radheshyam Kushwaha

पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में धर्म अध्यात्म एवं राशिफल डेस्क पर कार्यरत हैं. ज्योतिष शास्त्र, व्रत त्योहार, राशिफल के आलावा राजनीति, अपराध और पॉजिटिव खबरों को लिखने में रुचि हैं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >