महिला को बनाया बंधक, वेश्यावृत्ति से इंकार करने पर छीन लिया बच्चा, यूपी की राजधानी में सनसनीखेज वारदात

UP News: लखनऊ के चिनहट इलाके से एक महिला ने अपने पूर्व परिचित पर गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला का कहना है कि उसे होटल में बंधक बनाकर दुष्कर्म किया गया और देह व्यापार के लिए मजबूर किया गया. विरोध करने पर उसकी एक वर्षीय बच्ची को छीन लिया गया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया है.

UP Crime : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चिनहट इलाके से महिला उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है. एक महिला ने अपने पूर्व परिचित अनिल कुमार सिंह पर होटल में करीब एक महीने तक बंधक बनाकर रखने, दुष्कर्म करने और देह व्यापार के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है. महिला का कहना है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसकी एक वर्षीय बच्ची को उससे छीन लिया गया. पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया है.

काम की तलाश में आई थी लखनऊ

पीड़िता के मुताबिक, वह आगरा की रहने वाली है. करीब एक महीने पहले वह अपनी एक वर्षीय बेटी के साथ काम की तलाश में लखनऊ आई थी. इसी दौरान उसकी मुलाकात चिनहट के लौलाई निवासी अनिल कुमार सिंह से हुई. महिला का आरोप है कि अनिल उसे एक होटल में ले गया और वहीं बंधक बनाकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया.

देह व्यापार के लिए बनाया दबाव

महिला ने पुलिस को बताया कि कुछ दिनों बाद आरोपी उस पर देह व्यापार करने का दबाव बनाने लगा. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और लगातार प्रताड़ित किया गया. पीड़िता का आरोप है कि जब उसने देह व्यापार से इनकार किया तो आरोपी ने उसकी एक वर्षीय बच्ची को छीन लिया और उसे बेच देने की धमकी भी दी.

जान बचाकर पहुंची थाने

महिला का कहना है कि किसी तरह वह आरोपी के चंगुल से निकलकर चिनहट थाने पहुंची और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद उसने न्याय की मांग करते हुए एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया, जो वायरल हो गया. (वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की जा सकी है.)

आरोपी गिरफ्तार, बच्ची सीतापुर से बरामद

महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी अनिल कुमार सिंह के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया. जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही सीतापुर जिले के मानपुर सरवाहन पुरवा गांव से बच्ची को सकुशल बरामद कर उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया.


पुलिस जांच में सामने आया दूसरा पक्ष

इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि महिला और आरोपी पहले से एक-दूसरे के परिचित थे. दोनों के बीच रुपयों के लेन-देन को लेकर विवाद होने की बात भी सामने आई है. आरोपी का कहना है कि महिला कुछ दिनों तक उसके साथ होटल में रह रही थी. बाद में पैसों को लेकर विवाद होने पर वह बच्ची को वहीं छोड़कर चली गई. उसके अनुसार, बच्ची की देखभाल के लिए उसे एक परिचित महिला के पास रखा गया था, जिसने बाद में उसे सीतापुर भेज दिया.

सभी पहलुओं की जांच जारी

पुलिस का कहना है कि पीड़िता के आरोपों और आरोपी के दावों सहित मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Radheshyam Kushwaha

पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में धर्म अध्यात्म एवं राशिफल डेस्क पर कार्यरत हैं. ज्योतिष शास्त्र, व्रत त्योहार, राशिफल के आलावा राजनीति, अपराध और पॉजिटिव खबरों को लिखने में रुचि हैं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >