UP News: लखनऊ के पारा इलाके में अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम पर रविवार को पथराव और हमले का मामला सामने आया. आरोप है कि प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बुद्धेश्वर चौकी प्रभारी दरोगा विनय पटेल को दौड़ाकर पीटा और लोहे की जंजीर से हमला किया. घटना में दरोगा समेत नगर निगम के तीन कर्मचारी घायल हुए. मामले में 12 नामजद और 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि दो महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया.
कार्रवाई का विरोध करने पर टीम पर हमला
नगर निगम जोन-6 की टीम पुलिस बल के साथ पारा में अवैध डेयरियों के खिलाफ अभियान चलाने पहुंची थी. पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा के मुताबिक, कार्रवाई शुरू होते ही कुछ लोगों ने विरोध करते हुए टीम पर पथराव कर दिया. इसी दौरान बुद्धेश्वर चौकी प्रभारी विनय पटेल को दौड़ाकर पीटा गया. आरोप है कि उन पर लोहे की चेन से भी हमला किया गया. मारपीट में उनकी वर्दी फट गई और वह कीचड़ में गिरकर घायल हो गए. दरोगा के सिर में छह टांके लगे हैं.
नगर निगम के तीन कर्मचारी भी घायल
हमले में नगर निगम के कर्मचारी अवधेश कुमार, अभिनव और फुरकान भी घायल हुए हैं. इसके अलावा नगर निगम के तीन सरकारी वाहनों के शीशे भी तोड़ दिए गए. मामले में चौकी प्रभारी और नगर निगम की ओर से पारा थाने में तहरीर दी गई. इंस्पेक्टर पारा सुरेश सिंह के अनुसार, अबरार, इमरान, सालून, सुबिल, सराफत, अतीक, आशिफ, वारिस, नसीम, रानू, जीशान और नाफिस समेत 12 नामजद और 12 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.
दो महिलाएं गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
पुलिस ने मामले में आरोपी खुशबू और आफरीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. घटना के बाद प्रशासन ने कार्रवाई को लेकर सख्ती बढ़ा दी है.
तीन थानों की फोर्स और PAC के साथ फिर पहुंची टीम
हमले के बाद मंगलवार को नगर निगम की टीम के साथ तीन थानों की पुलिस और एक कंपनी पीएसी बल मौके पर पहुंचा. जवान हेलमेट और बुलेटप्रूफ जैकेट से लैस थे. भारी सुरक्षा के बीच निगम की कैटल कैचर टीम ने चार मोहल्लों से करीब 200 भैंसें उठवाईं. महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार भी मौके पर पहुंचे. महापौर ने कहा कि पुलिस और नगर निगम की टीम पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अवैध डेयरियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा.
