चेहरा कुछ और, कहानी कुछ और… प्रयागराज में फूल-पौधों की नर्सरी की आड़ में चल रही थी ड्रग फैक्टरी, जांच में सामने आया पूरा खेल

Prayagraj Drug Factory: फूल-पौधों की नर्सरी के नाम पर ली गई तीन बीघा जमीन पर एमडी बनाने की फैक्ट्री का पर्दाफाश हुआ है. मुंबई पुलिस की कार्रवाई में भारी मात्रा में ड्रग्स और रसायन जब्त किए गए. यह खुलासा स्थानीय पुलिस पर भी सवाल खड़े कर रहा है.

Prayagraj Drug Factory: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में नर्सरी के नाम पर तीन बीघा जमीन लीज पर लेकर टिनशेड में एमडी बनाने की फैक्टरी संचालित किए जाने का खुलासा हुआ है. मांडा क्षेत्र के कोसड़ा कला में जनवरी 2026 में फूल-पौधों की नर्सरी विकसित करने के नाम पर जमीन 60 हजार रुपये सालाना की लीज पर ली गई थी. मुंबई पुलिस की कार्रवाई में यहां से 52.932 किलोग्राम एमडी, करीब 260 लीटर रसायन और कई लैब उपकरण बरामद किए गए. छापेमारी के बाद नर्सरी के नाम पर चल रहे इस परिसर की असल गतिविधि सामने आई है.

नर्सरी के नाम पर ली गई थी जमीन

जांच में सामने आया है कि जमीन मालिक के पास करीब 22 बीघा जमीन बताई जा रही है. इसमें से तीन बीघा जमीन आरोपियों को दी गई थी. स्थानीय लोगों के अनुसार, जमीन लेने के बाद वहां फूल-पौधों की नर्सरी विकसित करने की बात कही गई थी. परिसर को इस तरह तैयार किया गया था कि बाहर से यह नर्सरी जैसा ही दिखाई देता था. स्थानीय लोगों ने इसके सेटअप को सामान्य नर्सरी से अलग और ‘वीआईपी सेट’ जैसा बताया है.

टिनशेड में तैयार थी लैब जैसी व्यवस्था

पुलिस की कार्रवाई के दौरान टिनशेड के भीतर लैब जैसे इंतजाम मिले. मौके से 250 और 150 लीटर क्षमता के फ्लास्क, हीटिंग मेंटल, ड्रॉपिंग फनल और थर्मामीटर समेत कई उपकरण बरामद किए गए. इसके अलावा करीब 260 लीटर रसायन भी मिला. इनमें एमएमए, एसीटोन, हाइड्रोक्लोरिक एसिड और क्लोरोफॉर्म शामिल बताए गए हैं. पुलिस ने मौके से 52.932 किलोग्राम एमडी भी बरामद की.

देर रात पहुंचीं गाड़ियां, चार लोग पकड़े गए

रिपोर्ट के अनुसार, 31 अगस्त की देर रात गांव में कई गाड़ियां पहुंचीं. कार्रवाई के दौरान परिसर में रह रहे चार लोगों को पकड़ा गया. जांच में सामने आया है कि भदोही निवासी रजनीश रामचंद्र मिश्रा और शिवधन शंभूनाथ मिश्रा ने करीब तीन बीघा जमीन लीज पर ली थी. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जमीन लेने से लेकर लैब तैयार करने तक की प्रक्रिया में कौन-कौन लोग शामिल थे.

जमीन मालिक के बेटे के संपर्क की भी जांच

जमीन मालिक का एक बेटा मुंबई में रहता है. ड्रग्स तस्करों के उसके बेटे से मुंबई में संपर्क होने की चर्चा है, लेकिन उसकी भूमिका या किसी नेटवर्क से उसके संबंध की पुलिस स्तर पर अभी पुष्टि नहीं हुई है. इस पहलू की भी जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्ष के आधार पर होगी.

स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

कोसड़ा कला में लंबे समय तक गतिविधियां चलने के बावजूद स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं. मांडा थाने में करीब 70 से 80 पुलिसकर्मियों की तैनाती बताई जा रही है. ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि हल्का प्रभारी और स्थानीय खुफिया तंत्र को इन गतिविधियों की भनक क्यों नहीं लगी. मुंबई पुलिस की कार्रवाई के बाद अब स्थानीय स्तर पर भी मामले की पड़ताल की जा रही है.

Must Read: UP LPG Connection: किसी और के नाम है गैस कनेक्शन? अपने नाम कराने का है प्लान तो जान लें जरूरी Documents और Online-Offline Process

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By खुशबू कुमारी

खुशबू कुमारी पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज, से मास कम्युनिकेशन में स्नातक किया है तथा वर्तमान में इग्नू से मास्टर ऑफ आर्ट्स (मास कम्युनिकेशन एंड डिजिटल मीडिया) की पढ़ाई कर रही हैं. उन्हें जनहित से जुड़ी खबरों, डिजिटल पत्रकारिता, समाचार लेखन, फोटोग्राफी, वीडियो एडिटिंग और ग्राफिक डिजाइन में विशेष रुचि है. वे राजनीति, शिक्षा, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों, अपराध और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर शोधपरक, तथ्यपरक और पाठकों के लिए उपयोगी डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं. उनका उद्देश्य पाठकों तक विश्वसनीय, स्पष्ट और प्रभावी जानकारी पहुंचाना है, ताकि समाचार केवल सूचना का माध्यम न होकर समाज के लिए उपयोगी साबित हों.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >