प्रयागराज में पति का खौफनाक कदम, बच्चों के सामने पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला, फिर चाकू लेकर खुद पहुंचा थाने

UP News: प्रयागराज में घरेलू विवाद ने हिंसक मोड़ ले लिया, जब एक पति ने अपने बच्चों के सामने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया. वारदात के बाद आरोपी खुद थाने पहुंच गया.

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. चौक थाना क्षेत्र के ठठेरी बाजार में गुरुवार दोपहर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर बच्चों के सामने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. वारदात के बाद आरोपी मौके से भागने के बजाय हाथ में चाकू लेकर खुद कोतवाली थाने पहुंच गया और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.

12 साल पहले हुई थी शादी

जांच के दौरान सामने आई जानकारी के अनुसार, ठठेरी बाजार निवासी अभिषेक गुप्ता की शादी करीब 12 साल पहले कौशांबी के कड़ाधाम निवासी शशि गुप्ता से हुई थी. दोनों के दो बच्चे हैं. अभिषेक चौक इलाके में हुक्का फ्लेवर का कारोबार करता है, जबकि शशि हंडिया में ब्यूटी पार्लर चलाती हैं. शुरुआती जांच में दोनों के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद की बात सामने आई है.

झगड़े के दौरान किया हमला

गुरुवार दोपहर दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई. आरोप है कि इसी दौरान अभिषेक ने घर में रखा चाकू उठाकर पत्नी के गले पर वार कर दिया. घटना के समय दोनों बच्चे भी घर में मौजूद थे. महिला गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर गई, जबकि आरोपी चाकू लेकर सीधे कोतवाली थाने पहुंच गया.

बेटे ने मामा को दी सूचना

घायल महिला के भाई रवि ने बताया कि उनकी बहन के बेटे अंशु ने फोन कर बताया कि उसके पिता ने उसकी मां पर हमला कर दिया है. सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक पुलिस भी वहां पहुंच चुकी थी और महिला को अस्पताल ले जाया जा चुका था.

पुलिस कर रही मामले की जांच

एसीपी कोतवाली रवि गुप्ता ने बताया कि शुरुआती जांच में घरेलू विवाद के बाद हमले की बात सामने आई है. आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. घटना में इस्तेमाल चाकू भी पुलिस ने बरामद कर लिया है. महिला का इलाज जारी है और उसकी हालत में सुधार होने पर बयान दर्ज किया जाएगा. परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: ईरान-अमेरिका तनाव: यूपी के 6000 करोड़ के ऑर्डर अटके



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Khushboo Kumari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >