UP Crime News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के महेशगंज थाना क्षेत्र के अठैसा प्रीतमपुर गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. 70 वर्षीय किसान जगदीश प्रसाद द्विवेदी की हत्या कर शव को घर के कमरे में दफना दिया गया. करीब एक सप्ताह बाद कमरे से उठ रही तेज दुर्गंध के कारण घटना का खुलासा हुआ. पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी बेटे की तलाश में तीन टीमें गठित की हैं.
दुर्गंध से खुला हत्या का राज
परिजनों की सूचना पर पुलिस जब घर पहुंची तो कमरे से तेज दुर्गंध आ रही थी. घर का ताला तोड़कर तलाशी लेने पर आखिरी कमरे में जमीन खोदने पर शव बरामद हुआ. पुलिस के अनुसार, शव को करीब साढ़े तीन फीट गहरे गड्ढे में दफनाया गया था. शव सड़ चुका था और मौके से एक फावड़ा भी बरामद किया गया, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए जब्त कर लिया गया है.
जमीन विवाद में बेटे पर हत्या का आरोप
मृतक के बेटों संतोष और अजय ने आरोप लगाया है कि छोटे भाई विजय ने जमीन और पैसों के विवाद में पिता की हत्या कर शव को घर में दफना दिया. परिजनों का कहना है कि विजय पहले भी दो बार पिता के साथ मारपीट कर चुका था. ग्रामीणों के अनुसार, वह नशे का आदी है और दो महीने पहले अपनी पत्नी को भी मारपीट कर घर से निकाल चुका था.
हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं. पुलिस हत्या के कारणों और घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच कर रही है. ग्रामीणों का कहना है कि जिस तरह शव को दफनाया गया, उससे अकेले व्यक्ति द्वारा वारदात को अंजाम देना मुश्किल प्रतीत होता है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है.
Also Read: 74 KM गंगा-यमुना लिंक एक्सप्रेसवे से आसान होगा सफर, जानिए किन 56 गांवों को होगा लाभ
