UP News: शाहजहांपुर स्थित कांट थाना क्षेत्र के गांव इंदेपुर में गुरुवार दोपहर करीब एक बजे दर्दनाक हादसा हो गया. खेत में झटका मशीन लगाते समय करंट की चपेट में आने से बाप-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया.
बाजरे की फसल बचाने के लिए लगा रहे थे झटका मशीन
परिजनों के मुताबिक श्यामा चरण वर्मा और उनके बेटे सुमित का खेत उनके मकान के पास ही है, जिसमें बाजरे की फसल लगी है. गौवंश से फसल बचाने के लिए दोनों खेत के चारों ओर झटका मशीन लगाने का काम कर रहे थे. मशीन को चालू करने के लिए दोनों ने बिजली का तार खंभे से जोड़ा और उसे खेत तक ले गए, इसी दौरान अचानक करंट दौड़ गया और दोनों उसकी चपेट में आ गए.
मृतकों की पहचान 65 वर्षीय श्यामा चरण और उनके 28 वर्षीय बेटे सुमित के रूप में हुई है. दोनों सुबह घर से खेत पर काम करने गए थे. काफी देर तक वापस नहीं लौटे तो दोपहर करीब एक बजे परिजन उन्हें देखने खेत पर पहुंचे, जहां दोनों के शव पड़े मिले. सूचना पर ग्रामीण मौके पर जुट गए और शवों को घर ले आए.
तीन महीने के बेटे के सिर से उठा पिता का साया
सुमित तीन भाइयों में था. उसके भाई अनिल और शिवकुमार हैं, जबकि एक बहन अविवाहित है. सुमित की पत्नी मीना हादसे के बाद सदमे में हैं. उनके तीन महीने का बेटा अनुराग और दो साल की बेटी आरती है. बताया जा रहा है कि सुमित पंजाब में मजदूरी करता था और रक्षाबंधन पर ही घर लौटा था.
सीओ बोले - झटका मशीन लगाते समय हुआ हादसा
सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि खेत में झटका मशीन लगाते समय करंट की चपेट में आने से बाप-बेटे की मौत हुई है. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
शाहजहांपुर से पवन तोमर की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें: UP में कहां कितनी सरकारी जमीन और किसका है कब्जा? योगी सरकार ने पूरे यूपी में सर्वे का दिया आदेश
