अब एड्रेस प्रूफ के तौर पर नहीं कर पाएंगे बिजली बिल का इस्तेमाल, जानिए उपभोक्ताओं पर क्या होगा असर

UP News: बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं की गोपनीयता के लिए बिजली बिल में बड़ा बदलाव किया है. अब बिल पर नाम, पता जैसी जानकारी 'X' से छिपाई जाएगी, जिससे यह एड्रेस प्रूफ के तौर पर मान्य नहीं होगा. इस निर्णय से किराएदारों और नए पते पर रहने वाले लोगों की परेशानियां बढ़ सकती हैं.

UP News: बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं के बिजली बिल में बड़ा बदलाव किया है. अब नए बिजली बिलों में उपभोक्ता का नाम, पता, मोबाइल नंबर और ईमेल जैसी जानकारी पूरी तरह नहीं दिखाई जाएगी. इन जानकारियों की जगह 'X' प्रिंट किया जा रहा है. इस बदलाव के बाद बिजली बिल को नाम और पते के वैध प्रमाण (एड्रेस प्रूफ) के तौर पर इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा.

सुरक्षा और गोपनीयता के लिए लिया गया फैसला

बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि उपभोक्ताओं की निजी जानकारी सुरक्षित रखने और गोपनीयता बनाए रखने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है. हालांकि जरूरत पड़ने पर विभाग से बिल की पूरी कॉपी ली जा सकती है, जिसमें नाम और पता दर्ज रहेगा.

किराएदारों और नए लोगों की बढ़ी परेशानी

अब तक बैंक खाता खुलवाने, नया गैस कनेक्शन लेने और कई सरकारी व निजी कामों में बिजली बिल एड्रेस प्रूफ के रूप में स्वीकार किया जाता था. लेकिन नए नियम के बाद खासकर किराएदारों और नए पते पर रहने वाले लोगों को पहचान और पते के सत्यापन में दिक्कत आ सकती है. इस बदलाव को लेकर कई उपभोक्ताओं ने भी चिंता जताई है.

शिकायतों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

मध्यांचल विद्युत निगम के प्रबंध निदेशक संदीप भागिया ने कहा कि बिजली बिल, खराब मीटर, नए कनेक्शन और बिजली चोरी से जुड़ी शिकायतें टोल फ्री नंबर 1912 पर दर्ज कराने के बाद उनका समय पर निस्तारण करना अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी. यदि किसी शिकायत का फर्जी तरीके से निस्तारण दिखाया गया तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. जनप्रतिनिधियों की लंबित शिकायतों की भी जांच कराई जा रही है.

हर महीने लगेगा समाधान शिविर

उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए मध्यांचल निगम मुख्यालय में हर महीने विशेष शिविर लगाया जाएगा. यहां नए बिजली कनेक्शन, गलत बिल में सुधार, लोड बढ़ाने और खराब मीटर बदलने जैसी समस्याओं का समाधान किया जाएगा. इसके अलावा अमौसी जोन के मोहनलालगंज और मलिहाबाद में नए कार्यालय खोलने पर भी विचार किया जा रहा है.

बिजली चोरी रोकने के लिए चलेगा अभियान

बिजली चोरी रोकने के लिए लेसा और विजिलेंस की संयुक्त टीम संवेदनशील इलाकों में अभियान चलाएगी. होटल, रेस्टोरेंट, हॉस्टल, नर्सिंग होम और उद्योगों की भी जांच होगी. वहीं कटिया लगाकर ई-रिक्शा चार्ज करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: निर्मोही अखाड़ा फिर SC में: ट्रस्ट पुनर्गठन की मांग


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Khushboo Kumari

खुशबू कुमारी पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज, से मास कम्युनिकेशन में स्नातक किया है तथा वर्तमान में इग्नू से मास्टर ऑफ आर्ट्स (मास कम्युनिकेशन एंड डिजिटल मीडिया) की पढ़ाई कर रही हैं. उन्हें जनहित से जुड़ी खबरों, डिजिटल पत्रकारिता, समाचार लेखन, फोटोग्राफी, वीडियो एडिटिंग और ग्राफिक डिजाइन में विशेष रुचि है. वे राजनीति, शिक्षा, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों, अपराध और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर शोधपरक, तथ्यपरक और पाठकों के लिए उपयोगी डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं. उनका उद्देश्य पाठकों तक विश्वसनीय, स्पष्ट और प्रभावी जानकारी पहुंचाना है, ताकि समाचार केवल सूचना का माध्यम न होकर समाज के लिए उपयोगी साबित हों.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >