UP News: बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने Facebook Live पर आकर आत्महत्या कर ली. घटना से पहले युवक Facebook Live पर दिखाई दिया. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
हल्द्वानी में परिवार के साथ रहता था युवक
परिजनों के मुताबिक, पहाड़गंज निवासी सनी कुमार उर्फ राहुल अपनी पत्नी काजल और तीन बच्चों के साथ हल्द्वानी में रहता था. वहां वह पिंडदान और धार्मिक अनुष्ठानों से जुड़े काम करता था. कुछ दिन पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद काजल बच्चों के साथ पहाड़गंज स्थित अपने मायके आ गई थी.
रविवार शाम बरेली पहुंचा था सनी
परिजनों के अनुसार, रविवार शाम सनी हल्द्वानी से बरेली पहुंचा था. घर आने के बाद उसकी पत्नी से फोन पर बातचीत हुई. बातचीत के कुछ देर बाद उसने Facebook पर Live आकर वीडियो शुरू किया. करीब 4 मिनट 50 सेकंड के वीडियो में वह कमरे में दिखाई दे रहा था. घटना के बाद वीडियो सामने आने पर परिवार में हड़कंप मच गया.
Facebook Live में नजर आया पूरा घटनाक्रम
बताया गया कि वीडियो में सनी काफी देर तक कमरे में मौजूद रहा. कमरे की छत के हुक से कपड़ा बंधा दिखाई दे रहा था और बैकग्राउंड में एक गाना बज रहा था. युवक कुछ देर तक उसी जगह नजर आया. इसके बाद उसने आत्मघाती कदम उठा लिया. घटना के संवेदनशील विवरण को यहां विस्तार से नहीं दिया जा रहा है.
मोबाइल और कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने सनी का मोबाइल कब्जे में ले लिया है. Facebook Live वीडियो और कॉल डिटेल के जरिए घटना से पहले की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है. परिजनों और ससुराल पक्ष के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि पति-पत्नी के बीच हुए विवाद की वजह सामने आ सके. पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. सनी की मौत से परिवार में मातम है और उसके तीन बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया.
