Navratri Special Train: नवरात्रि और दीपावली के दौरान घर जाने और धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने राहत का इंतजाम किया है. ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए रेलवे ने माता वैष्णो देवी कटड़ा, जम्मूतवी और न्यू जलपाईगुड़ी के लिए कई स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है. खास बात यह है कि वैष्णो देवी जाने वाले यात्रियों को सीधे श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा तक ट्रेन मिलेगी. इससे जम्मू उतरकर सड़क के रास्ते कटड़ा जाने की परेशानी कम होगी.
वैष्णो देवी के लिए चलेगी सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन
- रेलवे ट्रेन नंबर 04604 सुपरफास्ट स्पेशल श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक हर रविवार चलेगी. वहीं, ट्रेन नंबर 04603 स्पेशल 6 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक हर मंगलवार वाराणसी से संचालित होगी.
- ट्रेन 04604 श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से शाम 6:15 बजे रवाना होगी. इसके बाद यह शहीद कैप्टन तुषार महाजन, जम्मूतवी, पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद और बरेली होते हुए आलमनगर पहुंचेगी. ट्रेन अगले दिन दोपहर 12 बजे आलमनगर पहुंचेगी. इसके बाद ट्रेन रायबरेली और मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ होते हुए शाम 6:30 बजे वाराणसी पहुंचेगी.
- वापसी में ट्रेन 04603 स्पेशल वाराणसी से सुबह 4:30 बजे चलेगी. यह ट्रेन आलमनगर से सुबह 9:40 बजे होकर अगले दिन सुबह 4:30 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा पहुंचेगी. इस ट्रेन में सामान्य, स्लीपर और एसी श्रेणी की कुल 22 बोगियां होंगी.
जम्मूतवी-वाराणसी के बीच भी स्पेशल ट्रेन
रेलवे ने जम्मूतवी और वाराणसी के बीच भी स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है.
- ट्रेन नंबर 04610 जम्मूतवी-वाराणसी स्पेशल आरक्षित विशेष एक्सप्रेस 1 अक्टूबर से 26 नवंबर तक हर गुरुवार जम्मूतवी से चलेगी.
- वहीं, ट्रेन नंबर 04609 स्पेशल 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक हर शुक्रवार वाराणसी से संचालित होगी.
- ट्रेन 04610 जम्मूतवी से सुबह 5:15 बजे रवाना होगी. रास्ते में पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, धंडारी कलां, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद और शाहजहांपुर होते हुए यह ट्रेन रात 11:55 बजे लखनऊ पहुंचेगी. इसके बाद सुलतानपुर के रास्ते अगले दिन सुबह 5:10 बजे वाराणसी पहुंचेगी.
- वापसी में ट्रेन 04609 वाराणसी से सुबह 9 बजे चलेगी और दोपहर 1:20 बजे लखनऊ पहुंचेगी. इसके बाद यह ट्रेन अगले दिन सुबह 8:30 बजे जम्मूतवी पहुंचेगी. इस स्पेशल ट्रेन में कुल 15 बोगियां होंगी.
न्यू जलपाईगुड़ी के लिए भी पूजा स्पेशल ट्रेन
त्योहारी सीजन में पूर्वोत्तर की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए भी रेलवे ने खास इंतजाम किया है. गोमती नगर और न्यू जलपाईगुड़ी के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी.
- ट्रेन नंबर 05742 न्यू जलपाईगुड़ी-गोमती नगर पूजा स्पेशल 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक हर रविवार न्यू जलपाईगुड़ी से सुबह 8:30 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 9:10 बजे गोमती नगर पहुंचेगी.
- वहीं, ट्रेन नंबर 05741 गोमती नगर-न्यू जलपाईगुड़ी पूजा स्पेशल 5 अक्टूबर से 30 नवंबर तक हर सोमवार गोमती नगर से दोपहर 12:20 बजे रवाना होगी.
यह ट्रेन बाराबंकी, अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, देवरिया सदर, सीवान, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, रुसेरा घाट, हसनपुर रोड, सलौना, खगड़िया, मानसी, नौगछिया, कटिहार, पूर्णिया, अररिया कोर्ट, ठाकुरगंज और सिलीगुड़ी स्टेशनों पर भी रुकेगी. इस पूजा स्पेशल ट्रेन में कुल 22 बोगियां होंगी. त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बीच इन स्पेशल ट्रेनों के चलने से वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प मिल सकेगा.
Also Read:रेलवे ग्रुप डी में नौकरी के नाम पर 7.66 लाख की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र देकर फरार हुआ आरोपी गिरफ्तार
