UP Flood: लगातार हुई तेज बारिश से प्रयागराज के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गयी. शहर के करीब एक तिहाई हिस्से में पानी भर गया. करेली के कई मोहल्लों में घरों की पहली मंजिल तक पानी पहुंच गया, जबकि जॉर्जटाउन इलाका चारों तरफ पानी से घिरकर टापू जैसा नजर आया. आनंदपुरम की जाफरी कॉलोनी में तीन से चार फीट तक पानी भरने से लोगों को घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा.
दो घंटे चला एनडीआरएफ का रेस्क्यू अभियान
करेली में हालात बिगड़ने की सूचना पर एनडीआरएफ की 30 सदस्यीय टीम मौके पर पहुंची. टीम ने नाव के जरिये जलभराव वाले इलाकों में पहुंचकर घरों और मदरसे में फंसे लोगों को बाहर निकाला. करीब दो घंटे चले अभियान में 49 बच्चों और आठ महिलाओं समेत कुल 63 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया.
कई इलाकों में घुटनों तक पानी
अल्लापुर, राजरूपपुर, कालिंदीपुरम, राजापुर, छोटा बघाड़ा, बड़ा बघाड़ा, शिवकुटी, तेलियरगंज और नैनी समेत कई इलाकों में सड़कें जलमग्न रहीं. नालों का पानी ओवरफ्लो होकर गलियों और घरों तक पहुंच गया. कई परिवारों को दूसरे लोगों के घरों में शरण लेनी पड़ी.
15 करोड़ की नाला सफाई के बाद भी जलभराव
बारिश के बाद नगर निगम की तैयारियों पर भी सवाल उठे हैं. नगर निगम ने मानसून से पहले करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से 955 नालों की सफाई कराने का दावा किया था. इसके बावजूद कई इलाकों में जलनिकासी व्यवस्था चरमरा गयी. अधिकारियों के मुताबिक चोक नालों को खुलवाने और पंप लगाकर पानी निकालने का काम किया गया.
चहारदीवारी गिरी, छह वाहन क्षतिग्रस्त
कालिंदीपुरम की मंगल विहार कॉलोनी में बारिश के दौरान चहारदीवारी गिरने से तीन कार और तीन बाइक क्षतिग्रस्त हो गयीं. वहीं शहर में 19 स्थानों पर पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ. नगर निगम की टीम ने पेड़ों को हटाने का काम शुरू किया.
