UP News: उत्तर प्रदेश में 2027 का विधानसभा चुनाव भले ही अभी दूर हो, लेकिन राजनीतिक दलों ने इसकी तैयारी तेज कर दी है. बीजेपी जहां लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लिए संगठन से लेकर सरकार तक को मैदान में उतार रही है, वहीं बीएसपी अपनी खोई जमीन वापस पाने की कोशिश में जुटी है. कांग्रेस भी संगठन मजबूत करने के बाद अब सीधे जनता के मुद्दों को लेकर सरकार पर हमला बोलने की तैयारी में है. यानी यूपी में चुनावी माहौल बनने लगा है और हर पार्टी अपने-अपने तरीके से वोटरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.
बीजेपी के सामने सबसे बड़ी चुनौती- सत्ता की हैट्रिक
बीजेपी का पूरा फोकस इस समय 2027 में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने पर है. पार्टी ने इसके लिए बूथ स्तर से लेकर सरकार के कामकाज तक को चुनावी रणनीति का हिस्सा बनाया है. पार्टी का मानना है कि मजबूत संगठन और सरकार की योजनाओं के जरिए वह जनता के बीच अपनी पकड़ बनाए रख सकती है.
बूथ से शुरू होगा बीजेपी का चुनावी खेल
बीजेपी एक बार फिर अपने पुराने फॉर्मूले ‘बूथ जीतो, चुनाव जीतो’ पर भरोसा कर रही है. बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करके लोगों से सीधा संवाद बढ़ाया जा रहा है. पार्टी 403 विधानसभा क्षेत्रों में बूथ सम्मेलन भी पूरा कर चुकी है. अब दूसरे राज्यों के कार्यकर्ताओं के जरिए बूथ, शक्ति केंद्र और मंडल समितियों का फिजिकल वेरिफिकेशन कराया जाएगा. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का दावा है कि विपक्ष जहां अभी तैयारी शुरू कर रहा है, वहीं बीजेपी की चुनावी तैयारी अंतिम दौर में पहुंच चुकी है.
पंकज चौधरी बोले- 2022 से भी बेहतर प्रदर्शन होगा
बीजेपी के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को पार्टी की जीत का पूरा भरोसा है. उनका कहना है कि बीजेपी इस बार 2022 के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन करेगी और उत्तर प्रदेश में जीत की हैट्रिक लगाएगी. 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों पर भी उन्होंने अपनी बात रखी. पंकज चौधरी के मुताबिक जनता अब बार-बार गुमराह होने वाली नहीं है. बीजेपी प्रो-इनकंबेंसी के दम पर चुनाव जीतती आई है और इस बार भी सरकार के विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जाएगी.
NDA में सहयोगियों को भी साथ रखने की तैयारी
बीजेपी अकेले चुनावी मैदान में उतरने के बजाय अपने सहयोगियों को भी साथ लेकर चलने की तैयारी में है. पंकज चौधरी ने कहा कि एनडीए का कुनबा पूरी तरह एकजुट है. सुभासपा, निषाद पार्टी और अपना दल के साथ मिलकर चुनाव लड़ा जाएगा और सहयोगी दलों को सम्मानजनक सीटें दी जाएंगी.
‘सेवा संकल्प’ से घर-घर पहुंचेगी सरकार की उपलब्धियां
बीजेपी अब सरकार के कामकाज को सीधे जनता तक पहुंचाने की तैयारी में है. 17 सितंबर से पार्टी ‘सेवा संकल्प’ अभियान शुरू करेगी. इसके जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन, केंद्र सरकार के 12 साल और उत्तर प्रदेश सरकार के साढ़े नौ साल के कार्यकाल की उपलब्धियां लोगों तक पहुंचाई जाएंगी. कानून-व्यवस्था, एक्सप्रेसवे, बेहतर कनेक्टिविटी और 18 से 24 घंटे बिजली आपूर्ति जैसे मुद्दों को अभियान में प्रमुखता दी जाएगी. पार्टी का मकसद साफ है- सरकार के काम को चुनावी मुद्दे में बदला जाए और इसका संदेश घर-घर तक पहुंचाया जाए.
महिलाओं और मेधावी छात्राओं पर भी बीजेपी का फोकस
बीजेपी की रणनीति में महिला और लाभार्थी वर्ग भी अहम है. 60 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा और 500 मेधावी छात्राओं को स्कूटी देने जैसी घोषणाओं को इसी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है. पार्टी अपने पुराने लाभार्थी वर्ग के साथ पकड़ और मजबूत करना चाहती है.
योगी के दौरे से जमीन पर दिखेगा सरकार का रिपोर्ट कार्ड
संगठन स्तर पर बैठकों के बाद अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी जिलेवार दौरे कर रहे हैं. इन दौरों के जरिए सरकार के विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा जा रहा है. बीजेपी की कोशिश है कि सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की चर्चा सिर्फ पार्टी कार्यालयों तक सीमित न रहे, बल्कि जमीन पर भी दिखाई दे.
GEN-Z के बाद युवाओं पर बीजेपी की नजर
बीजेपी की रणनीति में युवाओं को भी खास जगह दी जा रही है. ‘GEN-Z’ आंदोलन के बाद पार्टी ने अपने ‘सेवा संकल्प अभियान’ में युवाओं से जुड़े कार्यक्रमों को शामिल किया है. इसके जरिए नई पीढ़ी के वोटरों से जुड़ने की कोशिश की जा रही है.
मायावती के सामने सबसे बड़ा सवाल- पुराना आधार कैसे मजबूत हो?
दूसरी तरफ बीएसपी के लिए 2027 का चुनाव अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने का बड़ा मौका है. पार्टी इस समय अपने पारंपरिक वोट बैंक को बचाने के साथ नए सामाजिक समीकरण बनाने पर भी काम कर रही है. मायावती अपने कैडर को बीजेपी और दूसरे विपक्षी दलों के लुभावने वादों से सावधान रहने की सलाह दे रही हैं.
बीएसपी कर रही सर्वे, संभावित उम्मीदवारों पर मंथन
बीएसपी इस बार टिकट बंटवारे और उम्मीदवारों के चयन में भी सावधानी बरत रही है. पार्टी की ओर से रणनीतिक सर्वे कराए जा रहे हैं और संभावित प्रत्याशियों के साथ अलग-अलग दौर की बैठकें की जा रही हैं. यानी पार्टी चुनाव से पहले ही यह समझने की कोशिश कर रही है कि किस सीट पर कौन सा चेहरा बेहतर दांव साबित हो सकता है.
आकाश आनंद के जरिए युवाओं को जोड़ने की कोशिश
बीएसपी की रणनीति में आकाश आनंद की भूमिका भी महत्वपूर्ण है. पार्टी युवाओं को अपने साथ जोड़ने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर डाल रही है. बीएसपी पुराने सोशल इंजीनियरिंग मॉडल को नए अंदाज में लागू करके अपने पारंपरिक वोट बैंक का दायरा बढ़ाना चाहती है.
कांग्रेस ने सड़क पर उतरने की तैयारी की
कांग्रेस भी अब सिर्फ संगठन को मजबूत करने तक सीमित नहीं रहना चाहती. पार्टी ने संगठन को दुरुस्त करने के बाद जन मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरने की तैयारी शुरू कर दी है. कांग्रेस की रणनीति बीजेपी सरकार को सीधे सवालों के घेरे में खड़ा करने की है.
‘चंदा चोरी’ से लेकर पेपर लीक तक, कांग्रेस के हाथ में कई मुद्दे
कांग्रेस ने राम मंदिर में चढ़ावे/चंदे की चोरी के कथित मामले को बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाया है. पार्टी इस मुद्दे को लेकर गांव-गांव में ‘चौपाल’ लगाने की तैयारी कर रही है और इसके जरिए बीजेपी को घेरने की कोशिश की जा रही है. इसके अलावा पेपर लीक, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं को भी कांग्रेस अपने अभियान का हिस्सा बना रही है. पार्टी की कोशिश है कि इन मुद्दों के जरिए युवाओं और किसानों के बीच अपनी जगह बनाई जाए.
बीजेपी का भरोसा जनविश्वास पर, कांग्रेस का दावा जनता करेगी बदलाव
बीजेपी नेता एसएन सिंह का कहना है कि पार्टी जनविश्वास के साथ काम करती है और बूथ मैनेजमेंट के जरिए जनता से सीधा जुड़ती है. उनके मुताबिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के जनसंवाद कार्यक्रमों के दम पर बीजेपी उत्तर प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाएगी. वहीं कांग्रेस नेता प्रखर सिंह का दावा है कि जनता सरकार से परेशान है. उनका कहना है कि पेपर लीक, युवाओं और किसानों की समस्याओं के साथ चंदा चोरी और भ्रष्टाचार के मुद्दे बीजेपी के खिलाफ माहौल बना रहे हैं और आगामी चुनाव में जनता बीजेपी को नकार देगी.
तीन पार्टियां, तीन अलग रास्ते
अगर पूरे चुनावी समीकरण को देखें तो बीजेपी सत्ता बचाने के लिए संगठन, सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों को अपना आधार बना रही है. बीएसपी अपने पारंपरिक वोट बैंक को संभालते हुए सोशल इंजीनियरिंग और युवा नेतृत्व के जरिए वापसी का रास्ता तलाश रही है. वहीं कांग्रेस रोजगार, पेपर लीक, किसान और कथित भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों के जरिए सरकार को घेरने की कोशिश कर रही है.
असली मुकाबला मुद्दों से ज्यादा वोटों को साधने का
2027 की लड़ाई में अभी काफी वक्त बाकी है, लेकिन राजनीतिक दलों की गतिविधियों से साफ है कि तैयारी अभी से शुरू हो चुकी है. बीजेपी का लक्ष्य अपनी सत्ता की हैट्रिक है, मायावती के सामने पार्टी की जमीन को दोबारा मजबूत करने की चुनौती है और कांग्रेस जनता के बीच अपनी पकड़ बढ़ाने की कोशिश में है. अब चुनाव तक इन रणनीतियों में कितने बदलाव होते हैं और जनता किस मुद्दे को सबसे ज्यादा अहमियत देती है, यही 2027 के चुनावी नतीजों की दिशा तय करेगा.
Also Read: यूपी में H1N1 का बढ़ता खतरा, मंत्री जयवीर सिंह भी संक्रमित; आखिर क्यों तेजी से फैल रहा स्वाइन फ्लू?
