UP Crime News: ललितपुर में 19 वर्षीय छात्रा से चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी सुरेंद्र सेन को पुलिस ने बुधवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, रात करीब एक बजे राजघाट क्षेत्र में चेकिंग के दौरान आरोपी को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन उसने भागने के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी. घायल आरोपी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है.
फायरिंग के बाद आरोपी दबोचा, कार और तमंचा बरामद
पुलिस का कहना है कि इंस्पेक्टर अनुराग अवस्थी और स्वाट टीम प्रभारी अतुल तिवारी राजघाट के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे. इसी दौरान बलेनो कार से आए आरोपी ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की. जखौरा मार्ग स्थित पुलिया के पास कार छोड़कर वह पैदल भागने लगा और तमंचे से पुलिस पर फायरिंग कर दी. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसे घायल कर गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के कब्जे से तमंचा, जिंदा कारतूस, एक खाली खोखा और वारदात में इस्तेमाल की गई बलेनो कार बरामद की गई है.
दो आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस पहले ही बादल राजा और कार चालक रविशंकर को गिरफ्तार कर चुकी है. अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा. फरार आरोपी सुरेंद्र की तलाश में पुलिस की तीन टीमें लगातार दबिश दे रही थीं, जिसके बाद यह कार्रवाई हुई.
परिचित होने का फायदा उठाकर कार में बैठाया
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि मंगलवार शाम करीब छह बजे वह घर के बाहर दुकान पर बैठी थी. तभी गांव का रहने वाला बादल राजा वहां पहुंचा और जरूरी बात करने का बहाना बनाकर उसे कार में बैठा लिया. परिचित होने की वजह से छात्रा उसके साथ चली गई. इसके बाद आरोपी उसे हाईवे होते हुए बिरधा, जाखलौन और बंदरगुड़ा-पंप कैनाल मार्ग की ओर ले गए. पीड़िता के अनुसार, रास्ते में आरोपियों ने उसे जबरन शराब पिलाई. इसके बाद बादल राजा और सुरेंद्र सेन ने चलती कार में उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि तीसरा आरोपी लगातार कार चलाता रहा. छात्रा ने बताया कि आरोपी करीब पांच घंटे तक उसे अलग-अलग रास्तों पर घुमाते रहे और रात करीब 11 बजे ललितपुर रेलवे स्टेशन के पास छोड़कर फरार हो गए.
रेलवे स्टेशन से परिवार को दी सूचना
रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद छात्रा ने किसी तरह अपने मोबाइल से बहन को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी. सूचना मिलने पर रात करीब 12 बजे उसके माता-पिता स्टेशन पहुंचे और उसे अपने साथ कोतवाली लेकर गए. पीड़िता की मां ने बताया कि जब वह शाम को घर लौटीं तो बेटी घर पर नहीं थी. पड़ोसियों से पता चला कि गांव का बादल राजा उसे कार में बैठाकर ले गया है. देर रात बेटी का फोन आने पर पूरी घटना की जानकारी मिली.
आरोपी घर के पास का ही रहने वाला
पुलिस के मुताबिक, आरोपी बादल राजा का घर पीड़िता के घर से करीब 300 मीटर की दूरी पर है, जबकि दूसरा आरोपी सुरेंद्र सेन पास के एक गांव का रहने वाला है. दोनों आपस में दोस्त हैं. पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है.
