सहारनपुर मस्जिद ध्वस्तीकरण के मामले में AIMIM का जबर्दस्त विरोध प्रदर्शन, बलिया कलेक्ट्रेट में गूंजे विरोध के स्वर

UP Politics: सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में मस्जिद के ध्वस्तीकरण के विरोध में AIMIM ने बलिया में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया. पार्टी ने इसे असंवैधानिक कार्रवाई बताते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा.

UP Politics: सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर की मस्जिद के ध्वस्तीकरण के विरोध में सोमवार को एआईएमआईएम की बलिया इकाई ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया. पार्टी के प्रदेश महासचिव मोहम्मद शमीम खान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई के खिलाफ विरोध जताया. प्रदर्शन के बाद पार्टी नेताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा. धरने को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव मोहम्मद शमीम खान ने आरोप लगाया कि रात के अंधेरे में बुलडोजर से की गई कार्रवाई गलत और असंवैधानिक है. उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों में संविधान और कानून के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए. शमीम खान ने आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ के लिए इस तरह की कार्रवाई की जा रही है.

‘शिक्षा, स्वास्थ्य और बेरोजगारी पर हो चर्चा’

एआईएमआईएम जिलाध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता ने कहा कि देश में शिक्षा, स्वास्थ्य, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दे महत्वपूर्ण हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि इन मूल मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए धार्मिक मामलों को तूल दिया जा रहा है. वहीं, पार्टी के पूर्वांचल सचिव कारी जफर अहमद ने कहा कि यदि कोई धार्मिक स्थल अवैध है तो उसके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने कार्रवाई में समानता बरते जाने की मांग करते हुए सवाल उठाया कि क्या केवल मस्जिदों को ही अवैध माना जाएगा. उन्होंने कहा कि किसी एक समुदाय के धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने का सवाल उठना स्वाभाविक है.

राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा

प्रदर्शन के बाद एआईएमआईएम नेताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा. ज्ञापन के माध्यम से सहारनपुर की घटना को लेकर विरोध दर्ज कराया गया और मामले में कार्रवाई की मांग की गई.

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

धरना-प्रदर्शन में पूर्वांचल एससी-एसटी प्रभारी कालिका प्रसाद, जिला महासचिव फरीद अहमद मुराद, जिला मुख्य संगठन मंत्री मुदस्सिर अंसारी, जिला सचिव खुर्शीद अहमद, शकील अहमद, दीपक यादव, मोहम्मद शहजाद और अब्दुल्लाह कुरैशी, एससी-एसटी सेल जिलाध्यक्ष राजकुमार, लीगल सेल अध्यक्ष एडवोकेट मोहम्मद आसिफ, जिला संयुक्त सचिव सनाउल्लाह खान, विधानसभा महासचिव सद्दाम हुसैन, नगर अध्यक्ष मोहम्मद कैफ, ग्राम सभा अध्यक्ष हाफिज मोहम्मद शाहबाज, हाफिज मुमताज और महिला विधानसभा अध्यक्ष साइस्ता अख्तरी समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें: UP के बलिया में साथी को स्टेशन छोड़कर निकला सिपाही अचानक लापता, सुबह गहरे गड्ढे में मिला शव, पास पड़ी थी बाइक

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By तिलक कुमार

तिलक कुमार पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है. अमर उजाला, प्रभात खबर, जनसंदेश टाइम्स और राष्ट्रीय सहारा जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में क्राइम रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं. अपराध, राजनीति और हाइपरलोकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. मैदानी रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण और प्रभावशाली खबरों को पाठकों तक पहुंचाया है. जमीनी मुद्दों की गहरी समझ और तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग उनकी पहचान रही है. वर्तमान में वह प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ जुड़े हुए हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन और रिपोर्टिंग कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >