पहले 7 साल के बेटे की मौत, कुछ घंटे बाद 5 साल के छोटे बेटे ने भी तोड़ा दम, दोनों भाइयों ने छोड़ी दुनियाँ, बुलंदशहर में बुखार का कहर से मचा कोहराम

UP News: बुलंदशहर के मोहल्ला खत्रीवाला में दो सगे भाइयों की बुखार के चलते मौत हो गई. स्थानीय स्तर पर इलाज के बाद मेरठ रेफर किया गया, जहां दोनों ने दम तोड़ दिया. परिजनों ने गंदे नाले को मौत का कारण बताते हुए सफाई की मांग की है.

UP News: बुलंदशहर के मोहल्ला खत्रीवाला में बुखार के चलते दो सगे भाइयों की इलाज के दौरान मौत हो गई. सात वर्षीय मोंटी और पांच वर्षीय टीटू उर्फ सोंटी को तीन-चार दिन पहले बुखार आया था. परिजनों ने पहले स्थानीय स्तर पर इलाज कराया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ. इसके बाद दोनों को बुलंदशहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया और फिर गंभीर स्थिति में मेरठ रेफर किया गया.

टाइफाइड रिपोर्ट आई पॉजिटिव, प्लेटलेट्स गिरने पर मेरठ रेफर

परिजनों के मुताबिक, बुलंदशहर में दोनों बच्चों की डेंगू, मलेरिया और टाइफाइड की जांच कराई गई थी. निजी पैथोलॉजी लैब की रिपोर्ट में टाइफाइड पॉजिटिव आया, जबकि डेंगू और मलेरिया की रिपोर्ट निगेटिव बताई गई. इलाज के दौरान दोनों बच्चों की प्लेटलेट्स कम होने लगीं, जिसके बाद चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर भेज दिया. मेरठ के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मंगलवार रात बड़े भाई मोंटी और बुधवार सुबह छोटे भाई टीटू ने दम तोड़ दिया.

कुछ घंटों के अंतर में दोनों भाइयों ने छोड़ी दुनिया

पिता रोहित ने बताया कि दोनों बच्चे हमेशा साथ रहते थे और साथ ही खाना खाते थे. दोनों को बुखार भी लगभग एक ही समय आया था. परिवार ने उनकी हालत सुधारने के लिए हर संभव प्रयास किया और स्थानीय अस्पताल से लेकर मेरठ तक इलाज कराया, लेकिन कुछ घंटों के अंतर में दोनों भाइयों की मौत हो गई. परिवार में दो बेटों के अलावा एक बेटी भी है. दोनों बच्चों की मौत से मां ममता और दादी महेंद्री देवी का रो-रोकर बुरा हाल है.

दादी के सबसे करीब थे दोनों बच्चे

परिजनों के अनुसार, मोंटी और टीटू अपनी दादी महेंद्री देवी के बेहद करीब थे. दोनों ज्यादातर समय उनके साथ ही रहते थे. एक साथ रहने वाले दोनों मासूमों की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद मोहल्ले में भी मातम का माहौल है और लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं.

गंदे नाले को लेकर परिजनों ने उठाए सवाल

बच्चों के परिजनों ने घर के पास से गुजरने वाले गंदे नाले की सफाई नहीं होने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि नाले में लंबे समय से गंदगी जमा है, जिसके कारण मच्छर और मक्खियां पनप रही हैं. परिवार ने नगर पालिका से नाले की सफाई कराने और इलाके में मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग कराने की मांग की है. वहीं, विभागीय अधिकारियों ने मामले की जांच कराने की बात कही है.

मजदूरी कर परिवार चलाते हैं पिता

मोंटी और टीटू के पिता रोहित मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं. परिजनों के मुताबिक, परिवार की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत परिवार को मकान मिला हुआ है. दो मासूम बेटों की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.

यह भी देखें: बुलंदशहर में 4 बेटों ने बांट दिए मां-बाप, दो के पास मां-दो के पास पिता, अब 80 साल की माँ ने मांग लिया 85 साल के पिता से तलाक

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नटवर कुमार

नटवर कुमार पत्रकारिता के क्षेत्र में दो वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले पत्रकार हैं.वे ग्राउंड रिपोर्टिंग और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर करते हैं. राजनीतिक घटनाक्रम, स्थानीय समस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, अपराध, सामाजिक मुद्दों और आम लोगों से जुड़े विषयों पर उनकी विशेष रुचि है. उनका प्रयास खबरों को तथ्यात्मक, स्पष्ट और पाठकों के लिए उपयोगी तरीके से प्रस्तुत करना रहता है.नटवर कुमार ने इतिहास में मास्टर ऑफ आर्ट्स (M.A. History) और मास्टर इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की पढ़ाई पटना से की है. इतिहास और पत्रकारिता में उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि उन्हें घटनाओं को व्यापक संदर्भ में समझने और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने में मदद करती है.इस दौरान उन्होंने दूरदर्शन पटना में भी समय दिया है. नटवर कुमार मूल रूप से बिहार के दिनकर की भूमि बेगूसराय जिले के रहने वाले हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >