UP News: बालीवुड अभिनेता सनी देओल और अभिनेत्री प्रीति जिंटा अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बटवारा 1947’ के प्रमोशन के लिए शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे. दोनों कलाकारों ने शहर में फिल्म का प्रचार किया और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की. इस दौरान सनी देओल के बेटे और फिल्म में अहम भूमिका निभा रहे करण देओल भी मौजूद रहे.
रूमी दरवाजा पहुंचे सनी देओल, टांगा की सवारी ने खींचा ध्यान
लखनऊ पहुंचने के बाद सनी देओल ने शहर की ऐतिहासिक पहचान से भी रूबरू हुए. वह रूमी दरवाजा पहुंचे और यहां टांगा की सवारी करते नजर आए. फिल्म की टीम की मौजूदगी ने स्थानीय लोगों और प्रशंसकों का ध्यान खींचा. लखनऊ की ऐतिहासिक इमारतों के बीच फिल्म के सितारों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बने. खासकर सनी देओल और प्रीति जिंटा को एक साथ देखकर उनके पुराने प्रशंसकों में खासा उत्साह दिखा.
सीएम योगी से हुई मुलाकात, गर्मजोशी से हुआ स्वागत
प्रमोशन के दौरान सनी देओल और प्रीति जिंटा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की. मुलाकात को सौहार्दपूर्ण बताया गया. फिल्म की टीम ने मुख्यमंत्री से बातचीत की और ‘बटवारा 1947’ को लेकर चर्चा की. यह मुलाकात इसलिए भी खास रही क्योंकि फिल्म की कहानी 1947 के भारत विभाजन और उस दौर में आम लोगों के संघर्ष की पृष्ठभूमि पर आधारित है. फिल्म में सनी देओल, प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, अली फजल और करण देओल प्रमुख भूमिकाओं में हैं.
1947 के बंटवारे की दर्दनाक कहानी दिखाएगी फिल्म
‘बटवारा 1947’ का केंद्र भारत विभाजन के दौरान पैदा हुए हालात और उसके बीच इंसानी रिश्तों की कहानी है. फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है और इसका निर्माण आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले हुआ है. फिल्म में विभाजन के दौर की हिंसा, विस्थापन और बिखरते परिवारों के बीच इंसानियत को प्रमुखता दी गई है. फिल्म पहले ‘लाहौर 1947’ नाम से चर्चा में थी. बाद में इसका नाम बदलकर ‘बटवारा 1947’ किया गया. सनी देओल और राजकुमार संतोषी की जोड़ी की वापसी ने भी फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ाई है.
आठ साल बाद पर्दे पर लौट रही हैं प्रीति जिंटा
‘बटवारा 1947’ प्रीति जिंटा के लिए भी खास फिल्म है. वह करीब आठ साल के अंतराल के बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं. अभिनेत्री ने हाल में बताया था कि शूटिंग के पहले दिन वह काफी नर्वस थीं. राजकुमार संतोषी ने उन्हें चुनौतीपूर्ण दृश्य से शुरुआत कराई, जबकि सनी देओल ने उन्हें सहज होने में मदद की.
14 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देगी बटवारा 1947
स्वतंत्रता दिवस सप्ताह के मौके पर ‘बटवारा 1947’ 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म में सनी देओल और प्रीति जिंटा की जोड़ी लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर नजर आएगी. राजकुमार संतोषी के निर्देशन और आमिर खान प्रोडक्शंस से जुड़े होने के कारण भी फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बनी हुई है.
यह भी पढ़ें: यूपी में बाढ़ का कहर! नदी में समा गया पूरा गांव, बलिया में 200 से अधिक परिवार बेघर, जिम्मेदार कौन?
