स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस पर पथराव, स्लीपर कोच में सफर कर रही युवती घायल; सहतवार-रेवती के बीच हुई घटना

सहतवार और रेवती रेलवे स्टेशन के बीच स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस पर पथराव की घटना में एक युवती घायल हो गई. इस घटना ने एक बार फिर रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर रही है.

UP News: बलिया जिले में सहतवार और रेवती रेलवे स्टेशन के बीच सोमवार को एक बड़ी घटना सामने आई. दिल्ली से दरभंगा जा रही स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस पर अज्ञात व्यक्ति ने पत्थर फेंक दिया. पत्थर ट्रेन के स्लीपर कोच में जाकर लगा, जिससे सफर कर रही एक 21 वर्षीय युवती घायल हो गई. घटना के बाद ट्रेन में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. जानकारी के अनुसार, ट्रेन के स्लीपर कोच एस-2 की सीट संख्या-01 पर यात्रा कर रही सपना, निवासी दकुली चट्टी, थाना सनकी, जिला दरभंगा (बिहार) की उंगली में पत्थर लगने से चोट आई. बताया जा रहा है कि युवती वेटिंग टिकट के साथ दिल्ली से अपने घर दरभंगा लौट रही थी.

छपरा स्टेशन पर कराया गया उपचार

घटना की सूचना रेलवे अधिकारियों को दी गई. ट्रेन के छपरा रेलवे स्टेशन पहुंचने पर रेलवे चिकित्सक ने घायल युवती का प्राथमिक उपचार किया. उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य बताई गई और आगे की यात्रा जारी रखी गई.

अज्ञात के खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी

घटना को गंभीरता से लेते हुए जीआरपी थानाध्यक्ष राजकपूर सिंह ने बताया कि घायल यात्री की तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और पथराव करने वाले की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई जा रही है.

रेलवे सुरक्षा पर उठे सवाल

चलती ट्रेन पर पथराव की इस घटना ने एक बार फिर रेलवे यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. सहतवार और रेवती रेलवे स्टेशन के बीच पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे ट्रैक के आसपास निगरानी बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. रेलवे और जीआरपी अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल रेलवे हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.

Also Read- फतेहपुर: पत्नी ने पति पर किया खौफनाक हमला, करंट से जलाने...



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Radheshyam Kushwaha

राधेश्याम कुशवाहा को पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत उन्होंने राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में यूपी डेस्क का नेतृत्व कर रहे हैं. इन्हें धर्म-अध्यात्म, ज्योतिष, राजनीति, अपराध और सकारात्मक खबरों की रिपोर्टिंग व लेखन में विशेष रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >