UP Politics: संसद के मानसून सत्र के दौरान समाजवादी पार्टी ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध का बिगुल फूंक दिया है. पूर्व सीएम अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव सहित सपा सांसदों ने सोमवार को संसद से जंतर-मंतर तक मार्च निकाला. इस दौरान पार्टी नेताओं ने युवाओं, छात्रों के मुद्दों, NEET विवाद और राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर सरकार पर जमकर हमला बोला.
'सरकार युवाओं की आवाज नहीं सुन रही' - डिंपल यादव
सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि देश में हालात ऐसे हो गए हैं कि युवा अपनी बात रखना चाहते हैं, लेकिन सरकार उनकी सुनने को तैयार नहीं है. उन्होंने कहा कि छात्र लगातार अपनी समस्याएं उठा रहे हैं और बातचीत की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार का रवैया संवेदनहीन बना हुआ है. डिंपल यादव ने कहा कि छात्रों के साथ समाजवादी पार्टी खड़ी है. उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी प्रक्रिया भ्रष्टाचार से प्रभावित है, जिसका सबसे ज्यादा नुकसान देश के युवाओं और छात्रों को उठाना पड़ रहा है. इसके कारण युवा मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं.
अखिलेश यादव का सरकार पर हमला
सपा प्रमुख और सांसद अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा में अहंकार है. उन्होंने कहा कि सरकार को बच्चों और युवाओं की बात सुननी चाहिए. NEET परीक्षा विवाद का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि इतना बड़ा घोटाला सामने आने के बाद भी लोग सवाल उठा रहे हैं. उन्होंने सवाल किया कि आखिर यह कैसी सरकार है और क्या यही अमृत काल है?
धर्मेंद्र यादव बोले- गंभीर मुद्दों पर चर्चा की मांग
सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि पार्टी की बैठक के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी. उन्होंने बताया कि सपा सांसदों ने देश के गंभीर मुद्दों पर चर्चा के लिए नोटिस दिए हैं और सदन में इन विषयों पर बहस की मांग की है.
राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर अवधेश प्रसाद का हमला
अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने भी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि राम मंदिर में चंदा और चढ़ावे में हेराफेरी के आरोप सामने आए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें करोड़ों रुपये और जमीन से जुड़े मामले सामने आए हैं. अवधेश प्रसाद ने कहा कि यह देश के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
राम गोपाल यादव बोले- बैठक के बाद होगा फैसला
सपा सांसद राम गोपाल यादव ने कहा कि सुबह साढ़े नौ बजे पार्टी सांसदों की बैठक होगी. इसके बाद ही संसदीय दल की रणनीति को लेकर फैसला लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि अभी तक मार्च में शामिल होने को लेकर अंतिम निर्णय नहीं हुआ है.
