जिन बेटों की लंबी उम्र के लिए कराया कीर्तन, रात में उसी ने कर दी माता-पिता की हत्या, जानिए दिल दहलाने वाली कहानी

UP News: गाजियाबाद में रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. जिस बेटे की लंबी उम्र के लिए कीर्तन कराया गया था, उसी ने अपने भाई के साथ मिलकर अपने ही माता-पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है.

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के ग़ाज़ियाबाद से रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. यहां दो बेटों ने कथित तौर पर अपने ही माता-पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि जिस बेटे की लंबी उम्र के लिए दिन में कीर्तन कराया गया था, उसी ने रात में अपने छोटे भाई के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

शराब के नशे में वारदात का आरोप

घटना गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र स्थित भीमनगर कॉलोनी की है. पुलिस के अनुसार, गंगाशरण (55) और उनकी पत्नी विमलेश (50) को उनके बेटे ललित (27) और दीपक (25) ने कथित तौर पर शराब के नशे में बेरहमी से पीटा. गंभीर रूप से घायल दंपती को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर बाद में गिरफ्तार कर लिया.

बहन की शिकायत पर दर्ज हुआ केस

मृतक दंपती की बेटी ज्योति ने दोनों भाइयों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है. उसने आरोप लगाया कि दोनों भाई शराब पीकर घर आए थे और पिता की डांट से नाराज होकर पहले उनके साथ मारपीट की. मां बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपियों ने उन्हें भी नहीं छोड़ा. ज्योति ने यह भी आरोप लगाया कि दोनों भाई परिवार की संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बना रहे थे.

किरायेदार ने दी पुलिस को सूचना

डीसीपी सुरेंद्रनाथ तिवारी के मुताबिक, पहली मंजिल पर रहने वाले किरायेदार ने रात करीब एक बजे पुलिस को मारपीट की सूचना दी थी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल दंपती को अस्पताल भिजवाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. दोनों के शरीर और सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं. आरोपियों के मेडिकल परीक्षण में शराब पीने की पुष्टि हुई है, जबकि मौत के सटीक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चलेगा.

दिन में कीर्तन, रात में मातम

परिजनों के अनुसार, गंगाशरण और विमलेश अपने दोनों बेटों से बेहद स्नेह करते थे. 20 जुलाई को उन्होंने बड़े बेटे ललित के जन्मदिन पर उसकी लंबी उम्र की कामना करते हुए घर में कीर्तन कराया था. लेकिन उसी रात दोनों बेटों पर माता-पिता की हत्या का आरोप लगा, जिससे पूरे इलाके में शोक और हैरानी का माहौल है.

Also Read: 16 की उम्र में हार्ट अटैक, मुरादाबाद में छात्र की बिगड़ी हालत


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Khushboo Kumari

खुशबू कुमारी पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज, से मास कम्युनिकेशन में स्नातक किया है तथा वर्तमान में इग्नू से मास्टर ऑफ आर्ट्स (मास कम्युनिकेशन एंड डिजिटल मीडिया) की पढ़ाई कर रही हैं. उन्हें जनहित से जुड़ी खबरों, डिजिटल पत्रकारिता, समाचार लेखन, फोटोग्राफी, वीडियो एडिटिंग और ग्राफिक डिजाइन में विशेष रुचि है. वे राजनीति, शिक्षा, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों, अपराध और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर शोधपरक, तथ्यपरक और पाठकों के लिए उपयोगी डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं. उनका उद्देश्य पाठकों तक विश्वसनीय, स्पष्ट और प्रभावी जानकारी पहुंचाना है, ताकि समाचार केवल सूचना का माध्यम न होकर समाज के लिए उपयोगी साबित हों.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >