शाहजहांपुर के सरकारी स्कूल में घुसकर सपा समर्थकों की नारेबाजी, बच्चों में दहशत, 20 पर हुए FIR

शाहजहांपुर के ढुकरी खुर्द गांव स्थित सरकारी स्कूल में पढ़ाई के दौरान नारेबाजी और वीडियो बनाने का मामला सामने आया है. पुलिस ने 20 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है.

UP News: शाहजहांपुर के एक सरकारी स्कूल में पढ़ाई के दौरान अचानक नारेबाजी और वीडियो बनाने से हड़कंप मच गया. आरोप है कि समाजवादी पार्टी के समर्थक जबरन स्कूल परिसर में घुस गए. कक्षाओं में पढ़ रहे बच्चे घबरा गए. कई बच्चे डरकर स्कूल से बाहर निकल गए. मामले में पुलिस ने 10 नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है.

स्कूल में घुसकर नारेबाजी का आरोप

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मामला थाना क्षेत्र के ढुकरी खुर्द गांव स्थित प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय का है. दोनों स्कूलों के प्रधानाचार्य अनुज कुमार ने पुलिस को लिखित शिकायत दी. आरोप है कि कुछ लोग एकजुट होकर स्कूल परिसर में पहुंचे और समाजवादी पार्टी के नारे लगाने लगे. इससे पढ़ाई प्रभावित हुई और सरकारी कार्य में भी बाधा आई.

कक्षा में बनाया वीडियो, बच्चों में अफरा-तफरी

शिकायत के मुताबिक, आरोपी कक्षाएं चलने के दौरान स्कूल में घुस गए. उन्होंने वीडियो बनाना शुरू कर दिया. अचानक हुए हंगामे से बच्चों में डर का माहौल बन गया. कई बच्चे कक्षा से बाहर निकल गए. स्कूल प्रशासन ने इसे बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर स्थिति बताया है.

मिड-डे मील को लेकर भी जताई आशंका

प्रधानाचार्य ने रसोई घर की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है. तहरीर में आशंका जाहिर की गई कि अगर किसी व्यक्ति ने मिड-डे मील में कोई हानिकारक पदार्थ मिला दिया होता, तो बड़ी संख्या में बच्चों की जान खतरे में पड़ सकती थी. हालांकि, रिपोर्ट में ऐसा पदार्थ मिलाए जाने की कोई पुष्टि नहीं है.

10 नामजद, 10 अज्ञात के खिलाफ FIR

पुलिस ने लिखित शिकायत के आधार पर मुनेंदर यादव, सर्वेश वर्मा, सर्वेश, अविनाश वर्मा, लईक अहमद शाह, राजीव पाठक, राजकुमार गौतम, ओमकार मौर्य, रमेश वर्मा और शैलेंद्र सिंह समेत 10 नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: Sambhal Road Accident: 3 माह की बच्ची और मासूम भाई समेत 5 लोगों की दर्दनाक मौत, टेंपो-ट्रक में भीषण भिड़ंत, ई-रिक्शा के अचानक मुड़ने से हुआ हादसा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अंजली कश्यप

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >