सर्राफा व्यापारी से 2 लाख ऐंठे, मामला खुलते ही फरार हुए 2 सिपाही, 15 दिन बाद भी पुलिस को नहीं मिला सुराग

शाहजहांपुर में व्यापारी से 2 लाख की वसूली के मामले में 2 सिपाही 15 दिन से फरार हैं. हालांकि पुलिस की दबिश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिल रहा है. जानिए पूरा मामला.

UP Crime News: शाहजहांपुर स्थित परशुरामपुरी इलाके के सर्राफा व्यापारी से दो लाख रुपये की कथित वसूली के मामले में फरार चल रहे दो सिपाहियों का 15 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है. पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी के लिए कई ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है, लेकिन आरोपी पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही फरार मिले. दोनों के घरों पर ताला लगा है और मोबाइल फोन भी बंद हैं. अब पुलिस उनके घरों पर नोटिस चस्पा करने की तैयारी कर रही है.

स्मैक तस्करी के झूठे आरोप में व्यापारी को उठाने का आरोप

पूरा मामला शाहजहांपुर के तिलहर थाने से जुड़ा है. आरोप है कि थाने में तैनात चार सिपाहियों पंकज, वीरेंद्र, तुषार और अरुण ने परशुरामपुरी निवासी सर्राफा कारोबारी सुंदरम को स्मैक तस्करी के झूठे आरोप में हिरासत में लिया था. इसके बाद उसे बिरियागंज चौकी ले जाया गया. आरोप है कि परिवार से दो लाख रुपये लेने के बाद ही व्यापारी को छोड़ा गया.

छह सितंबर को सामने आया था पूरा मामला

यह मामला छह सितंबर को अधिकारियों के संज्ञान में आया. एसपी सौरभ दीक्षित ने मामले की जांच कराई. जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद चारों सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया. इसी दिन पंकज और वीरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया था. दोनों को अगले दिन जेल भेज दिया गया.

छुट्टी लेकर फरार हुए दो सिपाही

कार्रवाई से पहले ही आरोपी सिपाही तुषार और अरुण छुट्टी के नाम पर फरार हो गए. दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कीं. टीमों ने मेरठ स्थित उनके घरों के अलावा दिल्ली में संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी, लेकिन दोनों पुलिस के हाथ नहीं लगे.

घर पर ताला, मोबाइल भी बंद

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी मूल रूप से मेरठ के रहने वाले हैं. जब पुलिस टीम उनके घर पहुंची तो वहां ताला लगा मिला. परिजनों के भी घर पर नहीं होने की बात सामने आई है. दोनों के मोबाइल फोन बंद होने के कारण उनकी लोकेशन भी ट्रेस नहीं हो पा रही है.

घरों पर नोटिस चस्पा करेगी पुलिस

सीओ परशुरामपुरी दीपक सिंह ने बताया कि फरार सिपाहियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. उन्होंने बताया कि आरोपियों के घरों पर नोटिस चस्पा करने की कार्रवाई भी की जाएगी.

शाहजहांपुर से पवन तोमर की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें: घर से साइकिल लेकर निकला था व्यापारी, एक घंटे बाद पानी भरे गड्ढे में मिला सिर कटा शव, कानपुर में हत्या से हड़कंप

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राधेश्याम कुशवाहा

राधेश्याम कुशवाहा को पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत उन्होंने राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में यूपी डेस्क का नेतृत्व कर रहे हैं. इन्हें धर्म-अध्यात्म, ज्योतिष, राजनीति, अपराध और सकारात्मक खबरों की रिपोर्टिंग व लेखन में विशेष रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >